scriptसुषमा स्वराज ने आगरा और मथुरा के साइबर योद्धाओं में किया था नए जोश का संचार, देखें तस्वीरें | Sushma swaraj died in Aims agra and Mathura remembering latest news | Patrika News
आगरा

सुषमा स्वराज ने आगरा और मथुरा के साइबर योद्धाओं में किया था नए जोश का संचार, देखें तस्वीरें

-आगरा में कई बार आईं, नेताओं से निकट का नाता
-ट्वीट पर न्याय दिलाने के लिए प्रसिद्ध थी सुषमा स्वराज
-2004 में करुणेश पर बनी सीडी का विमोचन किया था

आगराAug 07, 2019 / 07:48 am

धीरेंद्र यादव

आगरा। भाजपा की कद्दावर नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज (Sushma swaraj) का दिल्ली स्थित एम्स में गत रात्रि निधन हो गया। आगरा से उनकी तमाम यादें जुड़ी हुई हैं। सुषमा स्वराज नौ अप्रैल को आगरा (Agra) और मथुरा (Mathura) आई थीं। उन्होंने यहां नौ अप्रैल, 2019 को भाजपा (BJP) के साइबर योद्धाओं को मार्गदर्शन किया था। हालांकि वे निर्धारित समय से कई घंटा विलम्ब से आईं, लेकिन उन्हें सुनने के लिए साइबर योद्धा जमा रहे थे। भाजपा आईटी विभाग बृज प्रांत के प्रमुख गौरव वार्ष्णेय ने बताया कि सुषमा स्वराज का भाषण सदैव याद रहेगा। उन्होंने आईटी योद्धाओं में नए जोश का संचार किया था। सुषमा स्वराज ने ट्वीट पर आगरा के कई लोगों को गुहार सुनी।
Sushma swaraj
सुषमा स्वराज को चुनाव प्रचार में देखने की ललक

आगरा लोकसभा क्षेत्र से भगवान शंकर रावत ने 1991, 1995 और 1998 का चुनाव लड़ा था। सुषमा स्वराज हर बार चुनाव प्रचार करने आईं। विधायक चौधरी उदयभान सिंह ने बताया कि शाहगंज की सभा में जब वे पहुंची, चुनाव प्रचार का समय समाप्त हो चुका था। सुषमा स्वराज मंच पर चढ़ीं। हाथ जोड़े और चली गईं। उन्हें देखकर वहां मौजूद सैकड़ों लोग देर तक तालियां बजाते रहे थे। जाहिर है कि सुषमा स्वराज को देखने की ललक थी। उनके माथे पर बड़ी बिन्दी प्रसिद्ध थी।
Sushma swaraj
विदेशी पर्यटकों के हमलावरों को पकड़वाया

अक्टूबर 2017 में स्वीडन के पर्यटक दंपति पर अराजक तत्वों ने हमला कर दिया था। इश मामले को विदेश मंत्री के रूप में सुषमा स्वराज ने गंभीरता से लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। इसके बाद आगरा पुलिस सक्रिय हुई और अराजक तत्व पकड़े गए।
Sushma swaraj
भारत-पाक शिखर वार्ता में भूमिका

जुलाई, 2001 में सुषमा स्वराज आगरा आई थीं। तब वे केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री थीं। भारत पाक के बीच शिखर वार्ता हुई थी। होटल जेपी पैलेस में उन्होंने शिखर वार्ता कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह शिखर वार्ता भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के बीच हुई थी। शिखर वार्ता के बाद ही भारत और पाकिस्तान के बीच कारगिल युद्ध हुआ था।
Sushma swaraj
मेयर ने थी ड्राइविंग

महापौर नवीन जैन ने बताया कि वर्ष 2000 में शास्त्रीपुरम, सिकंदरा में भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ था। वहां लगी चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन होना था। तब सुषमा स्वराज को मैं अपनी मारुति 800 कार में बैठाकर ले गया था। मैं स्वयं ड्राइवर था। सुषमा स्वराज अगली सीट पर बैठी थीं। पीछे की सीट पर नरेन्द्र मोदी विराजमान थे। अधिवेशन में नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि मैं आज युवा भारत देख रहा हूं।
Sushma swaraj
करुणेश पर बनी सीडी का विमोचन किया था

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में सुषमा स्वराज ने स्वाधीनता संग्राम सेनानी व हार्डी बम कांड के क्रांतिकारी स्व. रोशनलाल गुप्त करुणेश के क्रांतिकारी जीवन पर आधारित सीडी का लोकार्पण किया था। इस सीडी की उन्होंने तारीफ की और करुणेश को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी थी। इस सीडी को राहुल पालीवाल के निर्देशन में सम्पादक राजीव दीक्षित ने तैयार किया था। यह लोकार्पण ताज प्रेस क्लब द्वारा 6 दिसम्बर 2003 को आयोजित पद्मश्री गोपालदास नीरज के 80 वें जन्मोत्सव गौरव महोत्सव का एक हिस्सा था। इस महोत्सव में केसरीनाथ त्रिपाठी, प्रो. अगम प्रसाद माथुर, गोपाल दास नीरज, धर्मपाल विद्यार्थी व अन्य मंचासीन थे। इस लोकार्पण में मनोरमा शर्मा, गजेंद्र यादव की विशेष भूमिका थी। पत्रकार आदर्श नंदन गुप्त ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुझे सुषमा स्वराज से मिलने का मौका मिला। उनकी व्यवहार कुशलता व विनम्रता ने मुझे बहुत प्रभावित किया था। देश को शायद ही ऐसा नेता कभी मिले।
Sushma swaraj
अपने कोटे से हज यात्रा पर भेजा

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सिराज कुरैशी ने बताया कि एक समारोह में सुषमा स्वराज ने मुझसे आगरा का हालचाल पूछा था। मेरे आग्रह पर हज यात्रा से जो लोग वंचित रह गए थे, उन्हें अपने हज के कोटे से हज यात्रा पर भी भेजा था। उन्होंने विश्व पटल पर अपना एक अहम मुकाम बनाया।

Home / Agra / सुषमा स्वराज ने आगरा और मथुरा के साइबर योद्धाओं में किया था नए जोश का संचार, देखें तस्वीरें

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो