पत्रिका से फोन पर बातचीत में राज्यमंत्री चौधरी उदयभान सिंह कहा कि लघु उद्योग विभाग के अंतर्गत निर्यात प्रोत्साहन, रेशम उद्योग, वस्त्र उद्योग भी आते हैं। आगरा की बात करें तो यहां पेठा उद्योग, दरी उद्योग, चमड़ा उद्योग से लाखों लोग जुड़े हुए हैं। आगरा से निर्यात भी खूब होता है। इस दृष्टि से भी यह विभाग महत्वपूर्ण है। सबके विकास की दीर्घकालीन और अल्पकालीन योजनाएं बनाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का औद्योगिक विकास तेजी के साथ हो रहा है। विकास कार्यों को अधिक गति दी जाएगी। उद्योग स्थापित होता है तो तमाम लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है। उन्होंने आह्वान किया है कि युवा अपना उद्योग स्थापित करने की ओर बढ़ें और नौकरी देने वाले बनें, न कि नौकरी मांगने वाले। उत्तर प्रदेश सरकार हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराएगी। प्रदेश सरकार युवा उद्यमियों को शिविर लगाकर ऋण की सुविधा उपलब्ध करा रही है।
बता दें कि चौधरी उदयभान सिंह आगरा जिले की फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। फतेहपुर सीकरी में दरी उद्योग है, लेकिन बुनकरों की हालत ठीक नहीं है। आगरा में पेठा और चमड़ा उद्योग है। आगरा से जूतों का निर्यात खूब होता है। इन उद्योगों से लाखों लोग रोजगार पा रहे हैं। आशा की जा रही है कि चौधरी उदयभान सिंह के मंत्री बनने से इन उद्योगों की स्थिति में सुधार आएगा। सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के आधार पर काम करेंगे।