
toofan
मौसम विभाग से बार बार चेतावनी मिलने के बाद भी तूफान का न आना लोगों के लिए मजाक का विषय बन गया है। इसको लेकर सोशल मीडिया पर तरह तरह के जोक्स बनकर वायरल हो रहे हैं। लेकिन आगरा के जाने माने ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्र ने लोगों को सावधान किया है। उनका कहना है कि भ्रम की स्थिति राहू और केतु के कारण बनती है। यही कारण है कि बार बार मौसम विभाग की चेतावनी गलत साबित हो रही है और लोगों को लग रहा है कि कुछ नहीं होना है। ज्योतिषाचार्य का कहना है कि आप इस स्थिति में निश्चिंत न हों क्योंकि खतरा अभी टला नहीं है। इन दिनों ग्रहों की दशा ये बताती है कि 9 मई से 15 मई 2018 तक के दिन लोगों के लिए बड़ी मुसीबत लेकर आ सकते हैं। ये स्थिति ज्यादा खतरनाक है क्योंकि ऐसे में खतरा अचानक आ जाता है और निश्चिंतता के चलते लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
जानिए सात दिनों की ग्रह दशा
ज्योतिषाचाय डॉ. अरविंद मिश्र के मुताबिक आठ मई को चंद्रमा ने रात नौ बजे कुंभ राशि में प्रवेश किया है जिसके कारण ये शनि की दृष्टि में आ गया है। 11 मई तक ये कुंभ राशि में ही रहेगा। वहीं 11 मई को चंद्रमा मीन राशि में प्रवेश करेगा और 13 मई तक रहेगा। उस दौरान इस पर राहू की नजर रहेगी। 13 मई को चंद्र मेष में प्रवेश कर सूर्य के साथ आ जाएगा। ये तीनों ही स्थितियां किसी भी लिहाज से शुभ नहीं हैं। यानी 9 मई से लेकर 15 मई तक बड़ा संकट आ सकता है।
इन घटनाओं की बढ़ेगी आशंका
ज्योतिषाचार्य का कहना है कि ग्रहों की इस स्थिति से दुर्घटनाएं बढ़ेगीं। आंधी तूफान आदि से तबाही मच सकती है। दिमाग में कंफ्यूजन की स्थिति रहेगी। अचानक को बड़ी मुसीबत सामने आ सकती है, जिससे जनहानि और धनहानि हो।
बचाव के लिए करें ये कार्य
1. महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें।
2. गायत्री मंत्र का जाप करें।
3.हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, रामचरितमानस आदि का पाठ कर सकते हैं।
4. पक्षियों को दाना डालें। संभव हो तो सात तरह का अनाज डालें।
5. कुत्तों को रोटी दें, उनकी सेवा करें।
6. प्रकृति का संरक्षण करें। ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं और लोगों को इसके लिए प्रेरित करें।
Published on:
9 May 2018, 11:21 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.