अहमदाबाद

BJP: गुजरात विधानसभा में जिन सीटों पर हुई हार वहां विशेष फोकस, रिकॉर्ड सीटें जीतने पर जोर

BJP focuses at which Assembly seats they lost last election प्रदेश भाजपा की चिंतन बैठक संपन्न
-जीतने के लिए विधानसभा क्षेत्र की मंत्री, नेताओं को जिम्मेदारी-पार्टी से जुड़े सभी मोर्चों के टास्क भी तय, होंगे कार्यक्रम

अहमदाबादMay 16, 2022 / 09:53 pm

nagendra singh rathore

BJP: गुजरात विधानसभा में जिन सीटों पर हुई हार वहां विशेष फोकस, रिकॉर्ड सीटें जीतने पर जोर

अहमदाबाद. गुजरात को BJP का गढ़ कहा जाता है। लगातार 27 सालों से यहां भाजपा का शासन भी है, लेकिन उसके बावजूद भी राज्य में कई सीटें ऐसी हैं जो भाजपा की झोली में नहीं आई हैं। ऐसी सीटों और बीते चुनाव 2017 में जिन सीटों पर पार्टी की हार हुई ऐसी सीटों पर 2022 के विधानसभा चुनावों में विशेष फोकस देने का निर्णय किया गया है। इसके लिए न सिर्फ पार्टी के नेताओं को बल्कि मंत्रियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। यह निर्णय गुजरात प्रदेश भाजपा की अहमदाबाद जिले के बावला में आयोजित दो दिवसीय चिंतन बैठक में किया गया। सोमवार को यह बैठक संपन्न हुई। गुजरात सरकार के प्रवक्ता व शिक्षामंत्री जीतू वाघाणी ने कहा कि गुजरात में पार्टी की जीत का सिलसिला बरकरार रहे उसके लिए जरूरी कार्यक्रम और योजनाएं बनाने पर मंथन हुआ और निर्णय भी हुआ है। यूं तो लगातार भाजपा का जनाधार राज्य में बढ़ा है, उसके बावजूद भी जिन सीटों पर पार्टी बीते चुनाव में कमजोर रही उन पर फोकस कर उसे जीतने पर मंथन हुआ है। इसके लिए विधानसभा सीट आधारित प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। पार्टी नेताओं के साथ मंत्रियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
BJP में मोर्चों की अहम भूमिका होती है। ये पार्टी का महत्वपूर्ण अंग हैं। ऐसे में भाजपा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा सहित सभी मोर्चों के लिए टास्क तय किए गए हैं। ये मोर्चे कार्यक्रमों के जरिए जनता तक पार्टी और सरकार की योजनाओं को पहुंचाएंगे। गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश सह प्रभारी सुधीर गुप्ता, सीएम भूपेन्द्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल, पूर्व सीएम विजय रूपाणी, पूर्व डिप्टी सीएम नितिन पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता और मंत्री इस चिंतन बैठक में शामिल हुए।
पार्टी यूं तो 182 सीटें जीतने के लक्ष्य को लेकर बढ़ रही है। फिर भी इस बार अब तक की रिकॉर्ड सीटें जीतने पर जोर रहेगा।

पीएम मोदी, गृहमंत्री शाह, नड्डा के कार्यक्रम पर चर्चा
BJP विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा, मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल सहित नेताओं के कार्यक्रम और दौरें कहां-कहां आयोजित किए जाएं और कब हों उसको लेकर भी चर्चा की गई।

हर चुनाव से पहले होती है चिंतन बैठक
गुजरात प्रदेश BJP के महामंत्री प्रदीप सिंह वाघेला ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की चिंतन बैठक होती है। उसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा होती है। 2017 चुनाव से पहले भी चिंतन बैठक हुई थी। 2022 चुनाव से पहले भी बैठक हुई है। इसमें कई अहम निर्णय हुए हैं। कार्यक्रम तय किए गए हैं जिन्हें समय समय पर घोषित किया जाएगा।

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.