scriptGujarat: भाजपा प्रत्याशियों ने भरे राज्यसभा के लिए नामांकन, निर्विरोध जीत की संभावना | Gujarat, BJP candidates, Nominations, Rajya Sabha | Patrika News
अहमदाबाद

Gujarat: भाजपा प्रत्याशियों ने भरे राज्यसभा के लिए नामांकन, निर्विरोध जीत की संभावना

Gujarat, BJP candidates, Nominations, Rajya Sabha

अहमदाबादFeb 19, 2021 / 12:13 am

Uday Kumar Patel

Gujarat: भाजपा प्रत्याशियों ने भरे राज्यसभा के लिए नामांकन, निर्विरोध जीत की संभावना

Gujarat: भाजपा प्रत्याशियों ने भरे राज्यसभा के लिए नामांकन, निर्विरोध जीत की संभावना

अहमदाबाद/गांधीनगर. गुजरात में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से दिनेश प्रजापति और रामभाई मोकरिया ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। गुरुवार को नामांकन भरने की अंतिम तारीख थी। उधर कांग्रेस की ओर से राज्यसभा चुनाव के लिए किसी भी प्रत्याशी को खड़ा नहीं करने के बाद अब दोनों भाजपा प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत की पूरी संभावना है। पहली मार्च को चुनाव होना है।
विधानसभा सचिवालय में भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन के अवसर पर पार्टी के महामंत्री व गुजरात प्रदेश प्रभारी भूपेन्द्र यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, कैबिनेट मंत्री आर सी फलदू, गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा, विधानसभा में पार्टी के सचेतक पंकज देसाई सहित अन्य उपस्थित थे। भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशियों के साथ-साथ दो डमी प्रत्याशियों ने भी नामांकन भरे।
प्रजापति गुजरात भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रमुख हैं वहीं सौराष्ट्र के पोरबंदर मूल के मोकरिया निजी कूरियर एजेंसी के मालिक हैं जो राजकोट से अपना व्यवसाय चलाते हंैं। बताया जाता है कि मोकरिया भारद्वाज की रिक्त सीट पर चुनाव लड़ेंगे। इस कारण उन्हें करीब छह वर्ष की सदस्यता मिल सकेगी। वहीं प्रजापति को अहमद पटेल की रिक्त सीट पर तीन वर्ष की सदस्यता मिल सकेगी।
उधर कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में अपना कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया। दोनों सीटों के अलग-अलग चुनाव होने के कारण कांग्रेस के पास अपने प्रत्याशी के लिए जीत का आंकड़ा नहीं है।
गुजरात में कांग्रेस के अहमद पटेल और भाजपा के अभय भारद्वाज के निधन के कारण राज्यसभा की दो सीटें रिक्त हुई हैं। नामांकन की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। गुरुवार को नामांकन भरने की अंतिम तारीख थी। 22 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
राज्य में राज्यसभा की 11 सीटें हैं। इनमें फिलहाल ६ सीटें भाजपा और 3 कांग्रेस के पास हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो