scriptभगवान कृष्ण के स्वागत को आतुर गुजरात | Krishna Janmashtami on August 24 | Patrika News
अहमदाबाद

भगवान कृष्ण के स्वागत को आतुर गुजरात

कृष्ण जन्माष्टमी २४ अगस्त को, द्वारका से लेकर डाकोर, शामलाजी सहित कृष्ण मंदिरों को सजाया

अहमदाबादAug 23, 2019 / 10:17 pm

Gyan Prakash Sharma

भगवान कृष्ण के स्वागत को आतुर गुजरात

भगवान कृष्ण के स्वागत को आतुर गुजरात

अहमदाबाद. कृष्ण जन्माष्टमी पर शनिवार को चारों ओर माखनचोर का ही गुणगान रहेगा। द्वारका से लेकर डाकोर, शामलाजी, अहमदाबाद, जामनगर सहित प्रदेश भर में भक्त भगवान श्रीकृष्ण के स्वागत को आतुर हैं। कई मंदिरों में ठाकुरजी पीताम्बर धारण करेंगे तो कहीं उनकी पोशाक पर आसमानी रंग छाया रहेगा। दिनभर भक्ति के बाद रात १२ बजे भगवान के बाल स्वरूप की झांकी सजायी जाएगी और पंजीरी और विशिष्ट भोग सामग्री से उनका मनुहार किया जाएगा। मंदिरों में अपने आराध्य की मोहक छवि देखने के लिए भक्त उत्सुक दिखाई दे रहे हैं। प्रभु जन्म के साथ ही दिन भर उपवास करने वाले भक्त व्रत खोलेंगे।
अनेक स्थलों पर विभिन्न संस्थाओं की ओर से मटकी फोड़ एवं शोभायात्रा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दूसरी ओर प्रशासन की ओर से सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
जगन्नाथ मंदिर में नंदोत्सव

अहमदाबाद के जमालपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर में शनिवार मध्यरात्रि १२ बजे कृष्ण जन्मोत्सव एवं नंदोत्सव मनाया जाएगा। इससे पूर्व, रात ९ बजे श्री लाला-बकाभगत के भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।
हरेकृष्ण मंदिर में १०८ कलशों से महाभिषेक

अहमदाबाद के भाडज स्थित हरेकृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का १०८ कलशों के जल से महाभिषेक किया जाएगा। साथ ही हिंडोला उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम व स्वर्णरथ उत्सव मनाया जाएगा। रविवार को नंदोत्सव मनाया जाएगा। विशिष्ट भोग एवं विशेष श्रृंगार के साथ-साथ सुबह ११ बजे भगवान की स्वर्णरथ में सवारी की जाएगी। मंदिर शनिवार सुबह ८ बजे से लेकर रात १२ बजे तक एवं २५ अगस्त को सुबह आठ से रात ९ बजे तक खुला रहेगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो