script‘बच्चों का छोटा प्रयास ही बड़े आविष्कार को जन्म देता है’ | 'Little children's effort only gives birth to big inventions' | Patrika News
अहमदाबाद

‘बच्चों का छोटा प्रयास ही बड़े आविष्कार को जन्म देता है’

केंद्रीय विद्यालय शाहीबाग में अहमदाबाद संभाग की विज्ञान, गणित व पर्यावरण प्रदर्शनी, उद्घाटन के बाद उपायुक्त डॉ. जयदीपदास ने कहा

अहमदाबादJan 09, 2019 / 11:25 pm

Rajesh Bhatnagar

exhibition

‘बच्चों का छोटा प्रयास ही बड़े आविष्कार को जन्म देता है’

अहमदाबाद. केंद्रीय विद्यालय संगठन की अमदाबाद संभाग की 46वीं जवाहरलाल नेहरू विज्ञान, गणित व पर्यावरण प्रदर्शनी का आयोजन यहां केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 शाहीबाग में बुधवार को किया गया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय विद्यालय संगठन के अहमदाबाद संभाग के उपायुक्त डॉ. जयदीपदास ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी की महत्ता पर प्रकाश डाला और बाल वैज्ञानिकों की ओर से बनाए मॉडल के लिए सराहना की। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को और अच्छे मॉडल बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चों का छोटा प्रयास ही एक दिन बड़े आविष्कार को जन्म देता है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन के अहमदाबाद संभाग की सहायक आयुक्त सरिता नासवा ने विज्ञान प्रदर्शनी के मुख्य विषय एवं 6 उप विषयों पर प्रकाश डाला और आयोजन के दौरान होने वाले सेमिनार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज जैविक खेती, स्वच्छता, संसाधन प्रबन्धन एवं अपशिष्ट प्रबंधन जीवन की चुनौती बनते जा रहे हैं जिनसे लडऩे के लिए युवा वर्ग को आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट विकसित करने होंगे जो इन चुनौतियों का समाधान कर सके। साथ ही जल प्रबंधन की संभावनाओं व उनके भावी समाधान पर भी प्रकाश डाला। विद्यालय की प्राचार्या विनीता शर्मा ने बताया कि एक दिवसीय प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय संगठन के अहमदाबाद संभाग के 39 विद्यालयों के 262 बाल वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया।
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की ओर से प्रति वर्ष यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस वर्ष प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘जीवन की चुनौतियों के लिए वैज्ञानिक समाधान’ है। बाल वैज्ञानिकों ने उप विषयों पर अपना प्रोजेक्ट तैयार किया। जल प्रबंधन : सम्भावनाएं एवं भावी समाधान विषयक सेमिनार व दो चरणों में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक जे.एल. अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न संस्थाओं से चुने हुए वैज्ञानिकों के दल ने बाल वैज्ञानिकों के प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया। प्रत्येक उप विषय से दो मॉडल्स का चयन अप्रेल माह में केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से देहरादून में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए 12 विद्यार्थियों का मॉडल्स के लिए तथा 2 विद्यार्थियों का प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता व सेमिनार के लिए चयन किया गया संयोजिका वंदना बडोला ने निर्णायकों का परिचय दिया और अंत में आभार जताया।

Home / Ahmedabad / ‘बच्चों का छोटा प्रयास ही बड़े आविष्कार को जन्म देता है’

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो