scriptGujarat : निसर्ग चक्रवात को लेकर गुजरात में स्थिति नियंत्रण में | Nisarg, Cyclone, Gujarat, | Patrika News
अहमदाबाद

Gujarat : निसर्ग चक्रवात को लेकर गुजरात में स्थिति नियंत्रण में

-महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग में टकराया-राज्य के समुद्रतटीय क्षेत्रों से 64 हजार लोगों का किया स्थान्तरण

अहमदाबादJun 03, 2020 / 05:44 pm

Omprakash Sharma

Gujarat : निसर्ग चक्रवात को लेकर गुजरात में स्थिति नियंत्रण में

Gujarat : निसर्ग चक्रवात को लेकर गुजरात में स्थिति नियंत्रण में

अहमदाबाद. अरब सागर में सक्रिय हुए निसर्ग चक्रवात बुधवार दोपहर को महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग समुद्री तट से टकराया। गुजरात में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
निसर्ग चक्रवात को लेकर प्रदेश के दक्षिण गुजरात एवं सौराष्ट्र के समुद्र तटीय आठ जिलों के लगभग 64 हजार लोगों को सुरक्षित स्थलों पर ले जाया गया है। संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी इन्तजाम किए गए हैं। राज्य के राहत आयुक्त हर्षद पटेल ने बताया कि प्रदेश में चक्रवात से जीरो केजुल्टी के संकल्प के साथ तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री विजय रूपणी ने इस पर नजर रखे हुए हैं।
उनके अनुसार दक्षिण गुजरात एवं सौराष्ट्र के 63789 लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया है। इनमें सबसे अधिक वलसाड जिले के 33680 नागरिकों का स्थानान्तरण किया गया है। भावनगर जिले के 3066, सूरत 8727, नवसारी 14040, आणंद जिले में 769, अमरेली में 2086 और गिरसोमनाथ से ढाई सौ से अधिक को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। इन लोगों में ढाई सौ से अधिक गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं।

कोरोना को ध्यान में रखकर राहत कार्य
पूरे विश्व में फैले कोरोना वायरस को ध्यान में रखकर टीमें अपने कार्यों में जुटी हुईं हैं। काम करने वाले हरेक व्यक्ति मास्क व सोशल डिस्टेंस का भी ध्यान रख रहे हैं। निसर्ग चक्रवात को लेकर तैयार किए गए 332 आश्रय स्थलों पर भी लोग कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन कर रहे हैं।
एसडीआरएफ की छह व एनडीआरएफ की 18 टीम कार्यरत
प्रदेश के समुद्रतटीय भागों में निसर्ग चक्रवात से संभावित जानमाल के नुकसान को टालने के लिए दक्षिण गुजरात एवं सौराष्ट्र में एसडीआरएफ की छह व एनडीआरएफ की 18 टीम तैनात की गई हैं।

महाराष्ट्र में चक्रवात की गति 90 से 100 किलोमीटर

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग में टकराते समय हवाओं की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की बताई गई है। हालांकि दक्षिण गुजरात में आते आते इसकी रफ्तार कम हो सकती है। फिर भी प्रशासन पूरी तैयारियों के साथ जुटा है।

Home / Ahmedabad / Gujarat : निसर्ग चक्रवात को लेकर गुजरात में स्थिति नियंत्रण में

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो