
एटीएम को उखाड़ कर ले जाने के मामले में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली है।
अजमेर. केकड़ी में कोटा रोड पर गत रात साढ़े चौबीस लाख रुपए से भरे एटीएम को उखाड़ कर ले जाने के मामले में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली है। सोमवार को को पुलिस टीम ने जांच तेज करते हुए घटनास्थल के आसपास सहित विभिन्न टोल नाकों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। गार्ड निरंजन से भी पूछताछ की। फिलहाल लुटेरों का सुराग नहीं लग पाया है। थानाधिकारी राजेन्द्र कुमार गोदारा ने बताया कि मामले में हर संभावित पहलू पर गहनता से जांच की जा रही है। साइक्लोन टीम द्वारा डाटा विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस को जल्द ही अहम सुराग लगने की उम्मीद है। पुलिस को वारदात में किसी शातिर गिरोह का हाथ होने की आशंका है।
यह है मामला
कोटा रोड पर श्रीराम धर्मकांटे के बाहर स्थित दुकान में भारतीय स्टेट बैंक के लगे दो एटीएम में से शनिवार रात्रि लुटेरे एक एटीएम को उखाड़ कर ले गए। बाद में लुटेरे एटीएम में से कैश बॉक्स निकालकर उसके ऊपरी हिस्से को कोहड़ा के समीप तथा मुख्य हिस्से को पारा बांध के समीप फेंक गए। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात गार्ड निरंजन मौके पर मौजूद नहीं था। बैंक अधिकारियों के अनुसार एटीएम में कुल 24 लाख 56 हजार 800 रुपए थे। इनमें 2 हजार रुपए के 3 नोट, 5 सौ रुपए के 4765 नोट एवं सौ रुपए के 683 नोट शामिल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अजमेर पुलिस अधीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप भी रविवार को ही केकड़ी पहुंच गए तथा घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने जांच में तेजी लाने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही अजमेर से आई साइक्लोन टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया व साक्ष्य जुटाए।
Updated on:
17 Sep 2019, 4:23 PM IST
Published on:
17 Sep 2019, 4:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.