
आठ दिन स्कूल नहीं गया तो शिक्षकों ने छात्र को पीटा
अजमेर. बीमारी के चलते आठ दिन स्कूल नहीं गए छात्र की स्कूल के प्रिन्सिपल व शिक्षकों ने पिटाई कर दी। बेरहमी से की गई पिटाई में छात्र के शरीर पर चोटें आई हैं। घर पहुंचने पर उसकी हालत देख परिजन ने चाइल्ड लाइन टोल फ्री नम्बर पर शिकायत की। बाल कल्याण समिति ने प्रसंज्ञान लेते हुए मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। शुक्रवार को छात्र का अस्पताल में मेडिकल कराया।
धोलाभाटा स्थित सेंट जोसफ सीनियर सैकंडरी स्कूल की कक्षा 8वीं का बिहारीगंज में रहने वाला छात्र बीमारी के चलते 11 से 18 सितम्बर तक स्कूल नहीं गया। वह 19 सितम्बर को स्कूल पहुंचा तो प्रिंसिपल राजेश बेप्टिस, शिक्षक ग्रीन राजोरिया व सरबजीत ने उसकी पिटाई कर दी। छात्र घर पहुंचा तो चोटें देखकर परिजन परेशान हो गए। छात्र के मामा विज्ञान नगर निवासी धर्मेन्द्र झा ने चाइल्ड लाइन टोल फ्री नम्बर 1098 में कॉल कर शिकायत कर दी। बाल कल्याण समिति ने प्रसंज्ञान लेते हुए चाइल्ड लाइन टीम को जांच के आदेश दिए। शहर समन्वयक कुशाल सिंह को प्रकरण की जांच के आदेश दिए। उन्होंने विक्रमसिंह व यश के साथ गुरुवार को स्कूल का निरीक्षण किया।
बेहरमी से पिटाई गलत
धर्मेन्द्र झा ने बताया कि छात्र के बीमार होने की सूचना उसके बड़े भाई ने विद्यालय प्रशासन को मौखिक तौर पर दी थी। चिकित्सकों ने छात्र के गंभीर बीमारी का संदेह जाहिर किया तो वह उसकी जांच व उपचार करा रहे थे। छात्र के स्कूल पहुंचने पर प्रिन्सिपल समेत दो शिक्षिकों ने बेरहमी से पीटा यह गलत है।
चल रही है जांच
छात्र के परिजन ने शिकायत दी है। मामले में बाल कल्याण समिति के आदेश पर छात्र का मेडिकल कराया है। जांच की जा रही है।
- कुशाल सिंह, शहर समन्वयक, चाइल्ड लाइन
Published on:
21 Sep 2019, 4:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.