scriptचौकीदार को चोर कहने वालों के घरों से मिल रहे हैं करोड़ों रुपए : चौहान | Bjp protest against corruption of Congress | Patrika News
अलीराजपुर

चौकीदार को चोर कहने वालों के घरों से मिल रहे हैं करोड़ों रुपए : चौहान

भाजपा ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार के विरोध में दिया धरना

अलीराजपुरApr 14, 2019 / 05:37 pm

राजेश मिश्रा

Alirajpur Bjp

चौकीदार को चोर कहने वालों के घरों से मिल रहे हैं करोड़ों रुपए : चौहान

आलीराजपुर. कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है और जब-जब कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं को भ्रष्टाचार करने का मौका मिलता है, वे इससे चूकते नहीं हैं। वर्तमान में कांग्रेस की सरकार को आए हुए 100 दिन ही हुए हैं, लेकिन इनके नेताओं के द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार के नित नए मामले सामने आ रहे हैं। आज मुख्यमंत्री कमलनाथ के सहयोगी के घर पर भी इनकम टैक्स के पड़े छापे में करोड़ों रुपए की नकदी बरामद हुई है, जिसका वे हिसाब भी नहीं दे पा रहे हैं। प्रदेश सरकार के मुखिया कमलनाथ खुद भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हुए इसमें लिप्त हैं, इसलिए तो वे उनके शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार पर बोलने से बच रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश में केंद्रीय इंकम टैक्स विभाग द्वारा मारे गए छापे में 281 करोड़ रुपए का खुलासा हुआ है, लेकिन कांगे्रस के नेतागण चोरी की इस बरामदगी पर मौन हैं। यह बात पूर्व विधायक नागरसिंह चौहान ने प्रदेश संगठन के निर्देश पर शनिवार को बस स्टैंड पर आयोजित धरने को संबोधित करते हुए कही। चौहान ने कहा, जो लोग चोर होते हैं, वे हमेशा इमानदारों पर अंगुली उठाते हंै, जिससे जनता का ध्यान भटकाया जा सके और यही काम कांग्रेस वर्तमान में भी कर रही है। वे देश के सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री व स्वच्छ छवि के नेता नरेंद्र मोदी पर लांछन लगाकर उन्हें चोर बोल रही है, लेकिन वर्तमान में मोदी ही देश के सच्चे चौकीदार हैं, जो कि भ्रष्ट नेताओं को सबक सिखाने मे लगे हैं।
धरने को भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक ओझा, मांगीलाल रावत, मंडल अध्यक्ष नरींग मोरी, जयपालसिंह खरत, रिंकेश तंवर, एमएस पाकीजा, विक्रम भयडिय़ा, हितेंद्र शर्मा ने भी संंबोधित किया। इस दौरान जिपं अध्यक्ष अनीता चौहान, नपा उपाध्यक्ष मकू परवाल, जिला महामंत्री अजय जायसवाल, कट्ठीवाड़ा मंडल अध्यक्ष सुनील कनेश, मुकामसिंह कनेश, जोबट के पूर्व मंडी अध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव, रघुनंदन शर्मा, कैलाश अग्रवाल, आजादनगर मंडल अध्यक्ष मनीष शुक्ला, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष चंदरसिंह चौहान, आनंद सोलंकी, माधु सुरभान मौजूद थे। कार्यक्रम के समापन के पश्चात 100 वर्ष पूर्व पंजाब के अमृतसर में अंग्रेजों के द्वारा जलियावाला बाग में चलाई गई गोलीबारी में शहीद हुए सैंकड़ों क्रांतिकारियों को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी गई।
कांग्रेस के वचन-पत्र पर कोई काम नहीं हुआ
भाजपा जिलाध्यक्ष किशोर शाह ने कहा, कांगे्रस की सरकार आने के पहले कांग्रेस द्वारा अपने वचन-पत्र में बड़ी बड़ी घोषणाएं की गई थी और तब कांगे्रस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा जनता के बीच ये कसमें खाई गई थी कि वे इन योजनाओं को 10 दिन में पूरा कर देंगे, नहीं तो प्रदेश में जो मुख्यमंत्री बनेगा उसे हटा देंगे। आज कांग्रेस की सरकार आए हुए 100 दिन से अधिक समय हो गया, लेकिन न तो कांग्रेस के वचन-पत्र पर कोई काम हुआ है और न ही जनता को वचन देेने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मुख्यमंत्री को बदल पाए हैं।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो