
जम्मू जेल से 44 खूंखार कैदी नैनी सेंट्रल जेल किए गए शिफ्ट, जानिए वजह
प्रयागराज: प्रयागराज नैनी सेंट्रल जेल में जम्मू जेल से लाए गए 44 खूंखार कैदी को शनिवार देर शाम शिफ्ट किया गया है। इन कैदियों को विशेष विमान से प्रयागराज बम्हरौली एयरपोर्ट लाया गया और वहां से कड़ी सुरक्षा के बीच लेकर नैनी सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया। इनकी सुरक्षा में जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ ही सेना के जवान भी तैनात रहे। इन 44 कैदियों को हाईसिक्योरिटी सेल में रखा गया है।
जम्मू के अलग-अलग जेल में थे बंद
नैनी जेल शिफ्ट किए गए 44 बंदी जम्मू कश्मीर के अलग-अलग जिलों के जेल में बंद थे। इस कैदियों में से कुछ पब्लिक सेफ्टी एक्ट 1978 के तहत बंद है तो कुछ तो सेना के जवानों पर पथराव करने की जुर्म में सजा काट रहे हैं। इन सभी कैदियों को सुरक्षा की दृष्टि से इन सभी को गृह मंत्रालय की ओर से केंद्रीय कारागार नैनी में शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया था। जिसके तहत शनिवार को नैनी सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया है।
विशेष विमान से लाए गए बमरौली एयरपोर्ट
जम्मू से लाए गए कैदियों को एयरफोर्स के विशेष विमान से लाया गया। शाम लगभग 5:30 पर नैनी सेंट्रल जेल शिफ्ट किए गए। सभी बंदियों की मेडिकल चेकअप होने के बाद सभी को हाईसिक्योरिटी सेल में निरुद्ध कर दिया गया है। बंदियों को लेकर जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान प्रयागराज पहुंचे थे। जबकि इनके साथ अत्याधुनिक हथियारों से लैस सेना के जवानों की एक टुकड़ी भी तैनात की गई थी।
नैनी सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक पीएन पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि हाईसिक्योरिटी सेल को खाली कराकर जम्मू-कश्मीर से आए सभी 44 बंदियों को इसमें रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर जेल परिसर के चारों ओर पुलिस फोर्स और पीएसी की टुकड़ी भी तैनात कर दी गई है।
Updated on:
15 May 2022, 2:04 PM IST
Published on:
15 May 2022, 2:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.