scriptकांग्रेस की हार पर श्रम राज्य मंत्री जूली बोले- अभी हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई | alwar election news | Patrika News
अलवर

कांग्रेस की हार पर श्रम राज्य मंत्री जूली बोले- अभी हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई

अलवर. कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं राज्य के श्रम राज्यमंत्री टीकाराम जूली का कहना है कि कांग्रेस की लड़ाई खत्म नहीं हुई है, अभी पार्टी को लंबा संघर्ष करना है। अलवर लोकसभा क्षेत्र में पार्टी की हार के बाद भी कार्यकर्ता का मनोबल ऊंचा है। पार्टी हार के कारणों पर बैठक बुलाकर मंथन करेगी। श्रम राज्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पत्रिका से बातचीत में सवालों का बेबाक जवाब दिया।

अलवरMay 26, 2019 / 10:43 pm

Prem Pathak

alwar election news

कांग्रेस की हार पर श्रम राज्य मंत्री जूली बोले- अभी हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई

सवाल- लोकसभा चुनाव के परिणाम पर कांग्रेस का नजरिया क्या है?

जवाब- भाजपा ने मीडिया व सोशल मीडिया पर कब्जा कर लगातार एेसा वातावरण तैयार किया, जिसका हकीकत से कोई लेना देना नहीं। भाजपा ने पांच साल में कभी किसानों, युवाओं, मजदूरों एवं समाज के अन्य लोगों की परेशानियों की बात नहीं की। उन्होंने विकास पर कभी बात नहीं की, बल्कि चुनाव से पहले राष्ट्रवाद व सर्जिकल स्ट्राइक का हौवा खड़ा कर सेना के नाम पर वोट मांगे।
सवाल– लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति में कोई कमी रही क्या?

जवाब- लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति में कोई कमी नहीं थी। कांग्रेस पहले भी लोकसभा उपचुनाव, विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करा चुकी है।
सवाल– कांग्रेस के चुनावी मुद्दे कितने चल पाए?

जवाब- कांग्रेस अलवर लोकसभा क्षेत्र में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ी। कांग्रेस ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह की ओर से कराए विकास कार्य व कांग्रेस सरकार के दौरान कराए गए विकास कार्यों पर चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा ने पूरे चुनाव में विकास का जिक्र तक नहीं किया।
सवाल– लोकसभा चुनाव के परिणाम का कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कितना विपरीत असर पड़ा?

जवाब- कांग्रेस का कार्यकर्ता मजबूत है। लगातार मेहनत कर रहा है। कार्यकर्ताओं के बल पर ही पार्टी ने लोकसभा उपचुनाव व कई अन्य चुनाव जीते हैं। लोकसभा चुनाव का परिणाम अनुकूल नहीं रहने के बाद भी पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा है।
सवाल– लोकसभा चुनाव के परिणाम में राज्य सरकार की परफोरमेंस की कितनी भूमिका रही?

जवाब- राज्य सरकार को अभी कार्य करने का पूरा मौका ही नहीं मिला है। अभी चार-पांच महीने का समय सरकार बने हुआ है। फिर भी इतने कम समय में सरकार ने अनेक योजना व जनहित के कार्य किए हैं।
सवाल– कांग्रेस नेताओं के बूथों पर पार्टी की हार के क्या कारण रहे?

जवाब- लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को कम वोट मिलने की समीक्षा जाएगी। जल्द ही पार्टी की बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर मंथन किया जाएगा।
कुशल नेतृत्व व कार्यकर्ताओं के बल पर मिली जीत- संजय शर्मा

अलवर शहर विधायक एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने लोकसभा चुनाव परिणाम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के कुशल नेतृत्व एवं संगठन के कार्यकर्ताओं के बल पर अलवर में भाजपा को अप्रत्याशित जीत मिली है। चुनाव में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं प्रधानमंत्री मोदी के प्रति लोगों में विश्वास ने भाजपा की जीत की राह आसान की। कार्यकर्ताओं की मेहनत ने भाजपा को सात विधानसभा क्षेत्रों में अच्छी बढ़त दिलाई व राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ में पार्टी को अच्छे परिणाम दिए। पार्टी ने यह चुनाव विकास के मुद्दों पर लड़ा और जनता ने भाजपा के विकास पर मुहर लगाई। लोकसभा चुनाव के परिणाम ने कांग्रेस सरकार की विफलता पर मुहर लगाई है।
alwar election news
alwar election news
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो