scriptप्रचार का शोर थमा, छह नगर पालिकाओं में मतदान कल | alwar letest election news | Patrika News
अलवर

प्रचार का शोर थमा, छह नगर पालिकाओं में मतदान कल

अलवर. जिले में बहरोड़, खैरथल, तिजारा, किशनगढ़बास, राजगढ़ व खेरली नगर पालिका चुनाव के लिए प्रचार का शोर बुधवार शाम को थम गया। प्रत्याशी अब घर-घर मतदाताओं से व्यक्तिगत सम्पर्क और मतदान के दिन अधिकाधिक वोट डलवाने की तैयारी में जुट गए हैं।

अलवरDec 09, 2020 / 11:51 pm

Prem Pathak

प्रचार का शोर थमा, छह नगर पालिकाओं में मतदान कल

प्रचार का शोर थमा, छह नगर पालिकाओं में मतदान कल

अलवर. जिले में बहरोड़, खैरथल, तिजारा, किशनगढ़बास, राजगढ़ व खेरली नगर पालिका चुनाव के लिए प्रचार का शोर बुधवार शाम को थम गया। प्रत्याशी अब घर-घर मतदाताओं से व्यक्तिगत सम्पर्क और मतदान के दिन अधिकाधिक वोट डलवाने की तैयारी में जुट गए हैं। सभी छह नगर पालिकाओं में मतदान 11 दिसम्बर को होगा।
नगर पालिका चुनाव के प्रचार अभियान के अंतिम दिन कांग्रेस, भाजपा व अन्य दलों तथा निर्दलीय प्रत्याशियों ने रैली, सभा, नुक्कड़ सभा एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार को परवान पर चढ़ाया। सभी छह नगर पालिका क्षेत्रों में सुबह से ही प्रत्याशियों का प्रचार दिखाई पडऩे लगा। वार्डों के गली मोहल्लों में सुबह से ही लाउडस्पीकर पर फिल्मी गानों के साथ ही वोट देने की अपील सुनाई पड़ी। ज्यादातर प्रत्याशी सुबह जल्दी जनसम्पर्क पर निकल गए। वहीं दोपहर में प्रत्याशियों ने वार्डों में रैली, सभा व मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए प्रचार के अन्य तरीके अपनाए। शाम पांच बजते ही वार्डों में प्रचार का शोर थम गया।
प्रमुख दलों के बड़े नेताओं ने संभाला मोर्चा

प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस व भाजपा के बड़े नेताओं ने वार्डों में प्रत्याशियों के पक्ष में मोर्चा संभाला। दोनों ही पार्टी के प्रमुख नेताओं ने वार्डों में जनसम्पर्क किया। विभिन्न समाजों के नेताओं के माध्यम से प्रत्याशियों के पक्ष में अधिकाधिक समर्थन हासिल करने का प्रयास किया। इन नेताओं ने प्रत्याशियों के समर्थन में रैली व सभाओं, नुक्कड़ सभाओं को भी सम्बोधित किया।
पांच बजते ही प्रचार बंद किया

ज्यादातर प्रत्याशियों ने शाम पांच बजते ही अपना प्रचार व जनसम्पर्क बंद कर दिया। बाद में प्रत्याशी अपने चुनाव कार्यालय या घरों पर पहुंचे और आगे की रणनीति पर सहयोगियों व समर्थकों से चर्चा की। समर्थकों व कार्यकर्ताओं को आगामी रणनीति के बारे में बता प्रत्याशी फिर अकेले ही मतदाताओं से सम्पर्क के लिए निकल गए।
मतदान दल आज होंगे रवाना

नगर पालिका चुनाव कराने के लिए मतदान दल गुरुवार को रवाना होंगे। मतदान से पूर्व मतदान दल अधिकारियों व अन्य कर्मियों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद मतदान सामग्री देकर वाहनों से रवाना किया जाएगा। मतदान दल शाम तक अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंच 11 दिसम्बर के मतदान की तैयारी करेंगे।
कल डाले जाएंगे वोट

जिले की सभी छह नगर पालिकाओं में 11 दिसम्बर को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतगणना 13 दिसम्बर को सुबह 9 बजे होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इवीएम से कराए जाएंगे चुनाव

सभी छह नगर पालिकाओं में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से मतदान कराया जाएगा। नगर पालिका चुनाव के लिए 202 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। छह नगर पालिकाओं में 180 वार्डों में चुनाव कराया जाना था, लेकिन खैरथल में एक वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन होने से अब 179 वार्डों में वोट डाले जाएंगे।
चुनाव में 1.12 लाख ज्यादा मतदाता डाल सकेंगे वोट

नपा वार्ड कुल प्रत्याशी निर्विरोध चुने मौजूदा बोर्ड मतदाता

तिजारा 25 113 भाजपा 18511

बहरोड़ 35 141 भाजपा 19278

राजगढ़ 35 196 भाजपा 19189
खैरथल 35 115 01 भाजपा 27300

खेरली 25 69 कांग्रेस 13106

किशनगढ़बास 25 95 भाजपा 15082

योग 180 729 01 112466

खैरथल में एक प्रत्याशी निर्विरोध चुनी गई

खैरथल नगर पालिका में वार्ड 32 से भाजपा प्रत्याशी सोनिया निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई हैं। खैरथल में नाम वापसी के बाद 115 प्रत्याशी बचे थे, जिनमें एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की जा चुकी हैं। अब 34 वार्डों में 114 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं।
चुनाव प्रतिष्ठा दांव पर

जिले की छह नगर पालिकाओं के चुनाव में मुख्यत: कांग्रेस व भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला है। इनमें कांग्रेस की ओर से स्थानीय विधायक कमान संभाले हुए हैं, वहीं भाजपा के भी स्थानीय नेताओं व पदाधिकारियों के हाथ में कमान है। इस कारण दोनों ही दलों की प्रतिष्ठा इन चुनाव में दांव पर लगी है।

Home / Alwar / प्रचार का शोर थमा, छह नगर पालिकाओं में मतदान कल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो