अलवर में तूफान ने चारों ओर तबाही मचा दी। तूफान की वजह से जिले में 10 हजार से अधिक पेड़ गिर गए। वहीं इतने ही बिजली के पोल गिरे हैं। बुधवार को आए तूफान के बाद से अभी तक शहर में पूरी तरह से बिजली नहीं आ पाई है। अलवर में बिजली व पानी न होने के कारण लोगों को होटलों मे रुकना पड़ रहा है। वहीं 4 दिनों से पीने के लिए पानी नहीं है। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। वहीं अलवर में तूफान द्वारा किया गया नुकसान यहीं समाप्त नहीं होता, शिक्षा विभाग भी तूफान की वजह से पांचवी बोर्ड का परिणाम घोषित नहीं कर पा रहा है। तूफान के बाद से ही शहर में बिजली नहीं है। इसी कारण पांचवी बोर्ड की परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हो पा रहा है। दरअसल, डाइट कार्यालय में भी 2 मई के बाद से ही बिजली अपूर्ति ठप है। इसलिए पांचवी का परिणाम घोषित नहीं हो पा रहा है। डाइट की ओर से परीक्षा परिणाम घोषित करने की सभी तैयारियां कर ली गई थी, और परिणाम शुक्रवार को घोषित होना था, लेकिन बिजली नहीं होने के कारण अभी तक परिणाम घोषित नहीं हो पाया है।