scriptदेश विदेश के पर्यटकों को लुभाएगा सरिस्का का अलवर बफर जोन | sariska good news | Patrika News
अलवर

देश विदेश के पर्यटकों को लुभाएगा सरिस्का का अलवर बफर जोन

देश- विदेश में ख्याति पा चुके सरिस्का बाघ परियोजना में पर्यटकों को लुभाने के लिए शनिवार को अलवर से सटे बफर जोन के प्रवेश द्वार पर सफारी के लिए नया रूट शुरू कर अलवरवासियों को बड़ी सौगात दी है। सही मायने में अलवर का यही भविष्य है।

अलवरJan 23, 2022 / 12:15 am

Prem Pathak

देश विदेश के पर्यटकों को लुभाएगा सरिस्का का अलवर बफर जोन

देश विदेश के पर्यटकों को लुभाएगा सरिस्का का अलवर बफर जोन


अलवर. देश- विदेश में ख्याति पा चुके सरिस्का बाघ परियोजना में पर्यटकों को लुभाने के लिए शनिवार को अलवर से सटे बफर जोन के प्रवेश द्वार पर सफारी के लिए नया रूट शुरू कर अलवरवासियों को बड़ी सौगात दी है। सही मायने में अलवर का यही भविष्य है।
सरिस्का में बाघों का कुनबा बढकऱ 25 तक पहुंचने से पर्यटकों की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है। वहीं सफारी के लिए नए रूट खोलकर सरिस्का प्रशासन पर्यटकों को बाघ दर्शन एवं अलवर की खूबसूरती को दुनिया भर में पहुंचाने के प्रयास में जुटा है। सरिस्का टाइगर रिजर्व कई मायनों में रणथंभौर एवं अन्य टाइगर रिजर्व से अलग पहचान रखता है। यहां जंगल की खूबसूरती पर्यटकों को खूब लुभाती है। इसके अलावा भौगोलिक दृष्टि से भी सरिस्का खूबसूरत है, यहां स्थित पहाड़, धोक से लदे घने जंगल, पानी के बहते नाले एवं पोखर पर्यटकों को खूब लुभाते हैं। यही कारण है कि सरिस्का प्रशासन पर्यटकों की सुविधा के लिए नए रूट खोलने के साथ ही नित नए प्रयास में जुटा है।
अलवर से सटे बफर जोन में अब सफारी के लिए दो रूट

सरिस्का का बफर जोन अलवर से सटा हुआ है। यहां बारां लिवारी से शनिवार को एक रूट का शुभारंभ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली के हाथों कराया। बाद में पर्यटकों का माला पहनाकर स्वागत किया और सफारी के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अलवर बफर जोन का नया रूट बारां लिवारी से शुरू होकर सिलीसेढ़ के पास तक तथा बाला किला के पीछे सुगन होदी तक जाएगा। वर्तमान में इसी रूट के इर्द- गिर्द तीन बाघ, बाघिन का विचरण है। अब अलवर बफर जोन में सफारी के लिए दो रूट हो चुके हैं। वहीं सरिस्का में तीन और नए रूट खोलने के प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे गए हैं। सरिस्का टाइगर रिजर्व के बफर जोन में नया रूट खुलने से स्थानीय ग्रामीणों की आय का स्रोत बढ़ेगा, वहीं पर्यटकों को सरिस्का टाइगर रिजर्व के प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने का अवसर मिलेगा और कोर क्षेत्र पर दवाब भी कम होगा।
विश्व में सरिस्का सेंचुरी की अलग पहचान- जूली

अलवर बफर जोन में सफारी के लिए नए रूट का शुभारंभ करने के बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि विश्व में सरिस्का सेंचुरी की अपनी अलग पहचान है। देश- विदेश में अलवर जिला ही है, जहां सरिस्का सेंचुरी में बाघ, पैंथर, सांभर, चीतल सहित विभिन्न प्रजाति के वन्यजीवों के साथ ही खूबसूरत जंगल, पहाड़, नदी, नाले, झील आदि है। पूर्व में बाघ विहिन के बाद सरिस्का अब फिर बाघों से फलने- फूलने लगा है। सरिस्का
प्रशासन एवं ग्रामीणों के बीच खाई भी अब कम हो रही है। दिल्ली से नजदीक होने के कारण सरिस्का के माध्यम से अलवरवासियों को लाभ उठाना चाहिए। अलवर को प्रकृति ने सरिस्का के रूप में तोहफा दिया है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटन स्थल है, इस कारण अलवर में पर्यटन के विकास की प्रचुर संभावना है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की मौत को रोकने के लिए राज्य सरकार से सरिस्का में एलिवेशन रोड बनाने के प्रयास चल रहे हैं। मंत्री जूली ने कहा कि रणथंभौर टूरिज्म इंडस्ट्रीज वाले नहीं चाहते कि सरिस्का का विकास हो, लेकिन सभी को मिलकर इसे ऊंचाई पर ले जाना है। आने वाले समय में सरिस्का भविष्य उज्जवल है।
सरिस्का सफलता का मार्ग तय कर रहा

सरिस्का बाघ परियोजना के मुख्य संरक्षक एवं क्षेत्र निदेशक आरएन मीणा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आमजन के सहयोग से सरिसका सफलता की ओर से बढ़ रहा है। सरिस्का में इन दिनों ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। आगामी दो साल मे सरिस्का के लिए स्वर्णिम अवसर है। इस मौके पर जिला कलक्टर नन्नूमल पहाडिय़ा, एसपी तेजस्वनी गौतम, वन सरंक्षक जयपुर मनफूल सिंह, सरिस्का के डीएफओ सुदर्शन शर्मा, डीएफओ विस्थापन जगदीश प्रसाद दैया, उमरैण प्रधान दौलतराम जाटव, पार्षद सुरज्ञानी, भाखेड़ा बसंत सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Home / Alwar / देश विदेश के पर्यटकों को लुभाएगा सरिस्का का अलवर बफर जोन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो