scriptकर्तव्य निर्वहन के पथ पर राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दे चुके हैं 83 जवान | 83 jawans have made supreme sacrifice for the nation on the path of du | Patrika News
अंबिकापुर

कर्तव्य निर्वहन के पथ पर राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दे चुके हैं 83 जवान

62वीं सीआरपीएफ बटालियन द्वारा कमांडेंट प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में अपनी बटालियन का 43 वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय अम्बिकापुर में भिन्न-भिन्न स्थानों पर तैनात जवानों के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

अंबिकापुरAug 13, 2022 / 07:06 pm

Ashok Kumar Vishwakarma

CRPF

CRPF

अंबिकापुर। 62वीं सीआरपीएफ बटालियन द्वारा कमांडेंट प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में अपनी बटालियन का 43 वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर बटालियन मुख्यालय अम्बिकापुर में भिन्न-भिन्न स्थानों पर तैनात जवानों के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रमोद कुमार सिंह कमाण्डेट द्वारा बटालियन के लिए कर्तव्य वेदी पर बलिदान हुए 62वीं बटालियन के शहीद कार्मिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान कमाण्डेट द्वारा यूनिट के क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली गई।
उन्होंने जवानों को सम्बोधित करते हुए बताया कि 62वीं वाहिनी ने 43 साल की अपनी यात्रा में जनता व संविधान की रक्षा हेतु सरकार द्वारा दिए गए सभी कर्तव्यों को आगे बढ़कर पूर्ण किया। 62वीं बटालियन ने अपने दिलेर व अनुशासित कार्मिकों के कारण एक अलग पहचान परिचालनिक क्षेत्र में बनाई है।
इस बटालियन ने स्थापना से लेकर आज तक पूर्वोत्तर राज्यों के आतंकवाद, जम्मू एवं कश्मीर व पंजाब के आतंकवाद, बांग्लादेशी शरणार्थियों के भारत में घुसपैठ से निपटने व किसी भी स्तर के चुनावों को लोकतांत्रिक रूप से पूर्ण करवाने, प्राकृतिक विपदाओं में सहायता प्रदान करने में अपना सर्वोत्तम योगदान दिया है। आज तक इस बटालियन के 83 जवानों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है।
केपी में पौधरोपण कर निकाली तिरंगा यात्रा
आजादी के अमृत महोत्सव के तहत बटालियन द्वारा हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने साथ ही केपी गांव में पौधरोपण का भी आयोजन किया गया। इस आयोजन में केपी गांव में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया व हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा अभियान में तिरंगा के साथ पैदल यात्रा का भी आयोजन किया गया। आम जनमानस में आजादी के महत्व तथा राष्ट्रीय तिरंगा के प्रति सम्मान व स्वाभिमान की भावना जाग्रत करने तथा हर घर तिरंगा फहराने का आहवान किया गया।
इसके तहत पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता लाने हेतु केपी गांव स्थित कैंपस में स्कूली बच्चों तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर वृहद पौधरोपण कार्यक्रम तथा तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीणों, बच्चों तथा जवानों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इसी उपलक्ष्य में शाम को एक मैत्री खेल का आयोजन भी किया गया। जिसमें वाहिनी के अधिकारी, अधिनस्थ अधिकारी एवं अन्य कार्मिकों ने भाग लिया। पौधरोपण कार्यक्रम में सर्वेश्वरी समूह ने २०० पौधे लगाए।
इधर एनसीसी कैडेट्स ने भी निकाली तिरंगा रैली
भारतीय ध्वज राष्ट्र का प्रतीक है इसी गौरव को संवर्धित करने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव 11 से 17 अगस्त तक हर घर झंडा अभियान अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सभी भारतीय नागरिकों से राष्ट्रध्वज अपने घर पर फहराने के लिए अपील की जा रही है। ताकि आमजन में देशभक्ति की भावना विकसित हो और राष्ट्र ध्वज के सम्मान में भी वृद्धि हो। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आम जनों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा के मार्गदर्शन में एनसीसी के कैडेट्स एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा शहर में तिरंगा रैली निकाली गई।
13 अगस्त को शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर के एनसीसी कैडेटों के एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत हर घर झंडा घर-घर झंडा के परिपालन में झंडा रैली विद्यालय प्रांगण से नगर के मुख्य मार्ग में महामाया चौक, संगम चौक एवं गुजरी चौक होते हुए वापस विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई।
तिरंगा रैली के समय एनसीसी के कैडेटों एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा मुख्य मार्ग में स्थित विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं घरों में तिरंगा का भी वितरण कर, राष्ट्र सेवा व देश भक्ति का प्रचार प्रसार किया गया। रैली में विद्यालय के प्राचार्य एचके जायसवाल, उप प्राचार्य केके राय, एनसीसी अधिकारी नवनीत त्रिपाठी, पीटीआई विकास सिंह, स्काउट प्रभारी महेंद्र सिंह, रमेश राय 28 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी रायगढ़ के स्टाफ एवं विद्यालय के स्टाफ उपस्थित रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो