अंबिकापुर

पति बोला- टीआई साहब! मेरी पत्नी के साथ भी इन दोनों ने वही किया जो कर चुकी हैं कई लड़कियों से

थाने में पहुंचे पति ने अपनी नानी सास व मौसी सास के खिलाफ की शिकायत, मायके गई पत्नी कई दिनों से है गायब

अंबिकापुरSep 20, 2017 / 06:31 pm

rampravesh vishwakarma

missing woman

लखनपुर. एक पति ने अपनी पत्नी को हरियाणा में बेचे जाने की शिकायत लखनपुर थाने में दर्ज कराई है। उसने मायके गई पत्नी को बेचने का आरोप अपनी मौसी सास व नानी सास पर लगाया है। पुलिस को उसने बताया कि दोनों ने पूर्व में भी गांव की भोली-भाली लड़कियों को हरियाणा में बेचा है। उसने बताया कि यदि इस मामले की बारीकी से जांच की जाए तो मानव तस्करी का बड़ा मामला सामने आ सकता है। उसने मामले में पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने गुम इंसान कायम कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है।

सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड स्थित ग्राम सेवदा निवासी पंडो तुरी पिता टिबल तुरी 30 वर्ष ने अपनी मौसी सास व नानी सास के खिलाफ पत्नी भगमनिया 25 वर्ष को हरियाणा में बेचे जाने की शिकायत की है। उसने अपनी शिकायत में बताया है कि 5-6 वर्ष पूर्व उसकी शादी गांव में ही हुई थी। उसने बताया कि जुलाई-अगस्त माह में उसकी पत्नी मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
दो दिन बाद जब वह पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा तो ससुर धनसाय ने बताया कि वह अपनी नानी तिलासो तुरी व मौसी सोरी तुरी के घर अंबिकापुर के लुचकीघाट गई है। जब वह लुचकी घाट पहुंचा तो मौसी सास व नानी सास ने 8-10 दिन वहीं रहने देने कहा। इसके बाद वह घर लौट आया। उसने बताया कि जब वह 8 दिन बाद पत्नी को लेकर लुचकी घाट पहुंचा तो नानी व मौसी सास उसकी पत्नी यहां नहीं है कहकर गोल-मोल जवाब देने लगे।
इसके बाद उसने वहीं के लोगों से जानकारी ली तो पता चला कि उसकी मौसी सास सोरी तुरी मानव तस्करी में लिप्त है। वह लड़कियों को बहला-फुसलाकर हरियाणा में उन्हें बेच देती है। उसने पूर्व में भी गांव की ही 3-4 लड़कियों को बेच दिया है। उसकी पत्नी को भी ऊंचे दाम में वहीं बेचा गया है। उसने मामले में 12 सितंबर को पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने गुम इंसान कायम कर मामले की विवेचना शुरु कर दी है।

मानव तस्करी का हो सकता है खुलासा
पीडि़त पंडो तुरी ने पुलिस को बताया कि गांव के लोगों द्वारा उसे उसकी मौसी सास के मानव तस्करी के कारोबार में लिप्त होने की जानकारी दी है। उसने बताया कि पुलिस यदि मामले की गंभीरता से जांच करे तो मानव तस्करी गिरोह का बड़ा मामला सामने आ सकता है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.