अंबिकापुर

लॉकडाउन में 56 दिन ग्रीन जोन में रहने के बाद अपना शहर रेड जोन में शामिल, इधर सूरजपुर-बलरामपुर में मिले 1-1 कोरोना पॉजिटिव

Covid-19: कोविड अस्पताल में २2 संक्रमितों को कराया गया भर्ती, मैनपाट सहित ५ ब्लॉक रखे गए ऑरेंज जोन में

अंबिकापुरMay 26, 2020 / 09:45 pm

rampravesh vishwakarma

Corona red zone

अंबिकापुर. कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए 25 मार्च से देशभर में लॉकडाउन घोषित किया गया है, जो अब तक जारी है। लॉकडाउन के 56 दिन तक अंबिकापुर ग्रीन जोन में शामिल रहा। इस दौरान पहला मरीज 17 मई को सामने आया। शहर के मोमिनपुरा निवासी 55 वर्षीय महिला अहमदाबाद से लौटी थी जो पॉजिटिव पाई गई।
इसके 7 दिन के भीतर 6 और नए मरीज सरगुजा में मिले। 60वें दिन जारी जोन की सूची में सरगुजा के सातों ब्लॉक को ऑरेंज जोन घोषित किया गया था। अंबिकापुर में 5 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या को देखते हुए 26 मई को जारी जोन की सूची में इसे रेड जोन घोषित कर दिया गया।
इधर आज ही सूरजपुर व बलरामपुर जिले में 1-1 और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। दोनों को कोविड अस्पताल अंबिकापुर भेजा जा रहा है। अब अंबिकापुर कोविड अस्पताल में मरीजों की संख्या 22 हो गई है, जबकि संभाग में कुल एक्टिव मरीज 24 हैं।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थित संभागीय कोविड अस्पताल में 20 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इसमें तीन महिला एवं 17 पुरूष शामिल हैं। सोमवार की रात्रि में बलरामपुर जिले के कुसमी निवासी 23 वर्षीय पुरुष तथा कोरिया जिले के खोंगापानी निवासी 36 वर्षीय पुरुष को भर्ती किया गया।
कोरिया जिले से आया 30 वर्षीय मरीज एवं बलंगी से आया 23 वर्षीय मरीज को को माइल्ड सिम्पटम है। सोमवार को मोमिनपुरा निवासी 55 वर्षीय मरीज द्वितीय सैंपल तथा मैनपाट निवासी 25 वर्षीय मरीज एवं कन्या परिसर निवासी 21 वर्षीय मरीज का प्रथम सैंपल जांच हेतु भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट अपेक्षित है। भर्ती मरीजों की चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा सतत् निगरानी कर उपचार किया जा रहा है। वहीं परिवार एवं स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा पूर्व में सरगुजा को ऑरेंज जोन घोषित किया गया था।

लगातार बढ़े संक्रमित
सरगुजा में लगातार संक्रमितों की संख्या बढ़ती गई। एक मरीज मिलने के बाद ही अंबिकापुर को ऑरेंज जोन घोषित कर दिया गया था। इसके बाद लगातार पॉजीटिव केस मिलने की वजह से स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जोनों की सूची जारी की गई। इसमें अंबिकापुर को ऑरेंज से रेड जोन में रखा गया है। जबकि मैनपाट, बलरामपुर, शंकरगढ़, राजपुर व वाड्रफनगर को ऑरेंज जोन में रखा गया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.