अंबिकापुर

5 जिलों के 299 पुलिस जवान दिखाएंगे जौहर, मंत्री-आईजी के सामने आकर्षक मार्च पास्ट के साथ खेली कबड्डी

Police games: खाद्य एवं संस्कृति मंत्री के मुख्य आतिथ्य में सरगुजा रेंज स्तरीय अंतरजिला खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

अंबिकापुरNov 04, 2019 / 07:11 pm

rampravesh vishwakarma

Police games

अंबिकापुर. पुलिस विभाग की सरगुजा रेंज स्तरीय अंतरजिला खेलकूद प्रतियोगिता (Police games) का सोमवार को रक्षित केंद्र मैदान में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत थे, जिन्होंने खिलाडिय़ों को शपथ दिलाने व ध्वजारोहण करने के बाद खेल का शुभारंभ किया। तीन दिन तक चलने वाली खेलकूद प्रतियोगिता में पांच जिले के 299 खिलाड़ी शामिल होंगे।

अंबिकापुर पुलिस लाइन मैदान में सोमवार को पुलिस विभाग की सरगुजा रेंज स्तरीय अंतरराज्यीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने खिलाडिय़ों को कहा कि आदिकाल से मानव समाज द्वारा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता था।
उस समय इसके अपने नियम निर्धारित थे। समय बदलता गया और खेलकूद प्रतियोगिता के निश्चित नियम बनने के साथ ही अनुशासन में खेल का आयोजन होने लगा। खेलकूद अच्छे स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
इससे मांस-पेशी में ऊर्जा का सृजन होता है। पुलिस विभाग के खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेंगे। सतत् प्रयास व दृढ इच्छा शक्ति से सभी आगे बढ़ेंगे।
इस दौरान प्रवीण गुप्ता, राजीव अग्रवाल, आईजी केसी अग्रवाल, एसपी आशुतोष सिंह, कलक्टर सरगुजा डॉ. सारांश मित्तर, सूरजपुर कलक्टर दीपक सोनी, सूरजपुर एसपी राजेश कुकरेजा, बलरामपुर एसपी टीआर कोशिमा, कोरिया एसपी विवेक शुक्ला, एएसपी पंकज शुक्ला, ओम चंदेल, जिला पंचायत सीईओ कुलदीप शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
5 जिलों के 299 पुलिस जवान दिखाएंगे जौहर, मंत्री-आईजी के सामने आकर्षक मार्च पास्ट के साथ खेली कबड्डी
5 जिले के 299 खिलाड़ी होंगे शामिल
एसपी आशुतोष सिंह ने बताया कि रेंज स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सरगुजा रेंज के 5 जिले के 299 खिलाड़ी 17 विधाओं में शामिल होंगे। यह प्रतियोगिता तीन दिन तक चलेगी। इस दौरान कोतवाली टीआई दिलबाग सिंह के नेतृत्व में पांचों जिलों के खिलाडिय़ों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया।

कबड्डी प्रतियोगिता से हुआ शुभारंभ
रेंज स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ कबड्डी से शुरू किया गया। सूरजपुर व कोरिया जिले के खिलाडिय़ों से मुख्य अतिथि अमरजीत भगत ने परिचय प्राप्त करने के बाद पहले दिन के खेल की शुरूआत की। पहला मैच कोरिया व सूरजपुर के मध्य खेला गया। सूरजपुर के खिलाडिय़ों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में जीत के साथ आगाज किया। मुख्य अतिथि ने दोनों ही टीम को शील्ड भी वितरित किया।
5 जिलों के 299 पुलिस जवान दिखाएंगे जौहर, मंत्री-आईजी के सामने आकर्षक मार्च पास्ट के साथ खेली कबड्डी
इन खेलों का होगा आयोजन
पुरूष वर्ग में वालीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, हैण्डबॉल, बॉक्सिंग, जुड़ो, ताइक्वान्डो, वाटर स्पोट्र्स, बॉडी बिल्डिंग, बैडमिंटन, कैरम, चेस एवं कुश्ती सहित 17 खेल का आयोजन किया गया है। इसी प्रकार एथलेटिक्स गेम पुरूष एवं महिला वर्ग के लिए 100 मीटर दौड़,
200 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, 1500 मीटर दौड़, 5000 मीटर दौड़, 10000 मीटर दौड़, 4 गुना 100 मीटर दौड़, लांग जम्प, ऊंची कूद, ट्रिपल जंप, तवा थ्रो, भाला थ्रो, गोला थ्रो, हैमर थ्रो एवं पैदल चाल 20 किलो मीटर का आयोजन किया गया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.