
गायत्री प्रजापति के भतीजे शुभम प्रजापति की मृत्यु, शव रेलवे ट्रैैक पर दो टुकड़ों में मिला
अमेठी. पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति के भतीजे शुभम प्रजापति (22) का शव अमेठी कोतवाली क्षेत्र के खेरौना गांव के पास रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में मिला है। शुभम की मौत की सूचना मिलने पर लोग भौचक्के रह गए। मौके पर पहुंची जीआरपी प्रतापगढ़ ने शव को अपने कब्जे में लिया है। मौत की वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, और कारणों के जांच में जुट गई है। शुभम गायत्री प्रजापति के सबसे छोटे भाई जगदीश प्रजापति के बेटे थे।
शव मिलने की सूचना पर अमेठी कोतवाली एसएचओ और सीओ सहि कई बड़े अफसर ने मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार को गांव में तेरहवीं का कार्यक्रम था, सब लोग देर शाम वहीं थे। शुभम की मौत की खबर पाकर परिजन भी आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। पूरा परिवार सदमे में है। शुभम प्रजापति अभी पढ़ाई कर रहे था। गायत्री प्रजापति के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हो रहे हैं।
पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पिछले 3 साल से जेल में बंद हैं। और फिलहाल आय से अधिक संपत्ति मामले में ईडी उनसे पूछताछ कर रही है।
Published on:
12 Feb 2021, 11:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.