अहमदाबाद

Ahmedabad: सोशल मीडिया पर शहर के 25 गरबा आयोजनों के नकली पास की ऑनलाइन बिक्री

-गरबा पास के नाम पर ठगने का आरोप, गरबा आयोजक ने साइबर क्राइम ब्रांच थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी, चार पीड़ित भी आए सामने
2 min read
cyber crime branch
साइबर क्राइम ब्रांच।

अहमदाबाद, नवरात्रि में गरबा खेलने के लोगों के उत्साह को साइबर ठग की ओर से भुनाने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक दो नहीं बल्कि शहर के करीब 25 गरबा आयोजनों के गरबा पास (टिकट) को सोशल मीडिया के जरिए डिस्काउंट पर बेचकर लोगों को ठगा गया है। इसके लिए सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट भी बनाए जाने की बात सामने आ रही है। एक गरबा आयोजक ने शहर के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में एफआइआर दर्ज कराई है।

डिस्काउंट पर टिकटों की बिक्री

साइबर क्राइम ब्रांच की उपायुक्त (डीसीपी) डॉ.लवीना सिन्हा ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि एक गरबा आयोजक कंपनी के प्रबंधक किंजन कुमार पटेल (41) ने वीर राजपूत नाम की सोशल मीडिया इंस्टाग्राम आइडी धारक और एक मोबाइल नंबर धारक के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराई। इसमें बताया गया कि उनकी कंपनी की ओर से 14 अक्टूबर को एक गरबा का आयोजन किया था। टिकट की कंपनी के प्लेटफॉर्म से चार से 10 हजार रुपए में बिक्री की जा रही थी। जांच में सामने आया कि इस प्रकार से एक दो नहीं बल्कि 25 गरबा आयोजनों के पास की सोशल मीडिया पर ऑनलाइन बिक्री कर लोगों से ठगी की गई है। चार पीडि़त भी सामने आए हैं, जिन्होंने कहा कि उन्होंने टिकट (पास) खरीदे वह नकली थे,जिससे उन्हें गरबा में प्रवेश नहीं मिला।

2000 रुपए में छह हजार की टिकट का ऑफर

शिकायत के अनुसार 12 अक्टूबर की शाम ओम सोलंकी नाम के व्यक्ति ने उनकी कंपनी की इंस्टाग्राम आइडी पर मैसेज भेजकर बताया कि वीर राजपूत नाम की आइडी से गरबा के पास बेचने के लिए पोस्ट डाली गई है। उसके जरिए 3100 रुपए में पास खरीदा है। यह पास असली है या नहीं। उसने पास की फोटो और कन्फर्मेशन ईमेल भी भेजा था। उसमें सामने आया कि वीर राजपूत नाम के आइडी धारक ने फर्जी टिकट की बिक्री की। उसके लिए ई-मेल भी फर्जी बनाया गया था। एक अन्य व्यक्ति ने संपर्क कर कहा कि छह हजार का पास दो हजार में बेचा जा रहा है, उसे खरीदें या नहीं-इसके बाद इसकी जानकारी हुई। इसे लेकर 13 अक्टूबर को शहर के साइबर क्राइम पुलिस थाने में शिकायत दी गई। इस पर 16 अक्टूबर को एफआइआर दर्ज की गई।

Updated on:
17 Oct 2026 10:19 pm
Published on:
17 Oct 2026 10:18 pm