
अहमदाबाद. महानगरपालिका क्षेत्र में बुधवार को स्वाइन फ्लू से दो मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही शहर में एक सितम्बर से अब तक २० जनों की मौत हो गई। प्रदेश में बुधवार को नए १९ मरीज सामने आए हैं इनमें सबसे अधिक छह-छह अहमदाबाद एवं वडोदरा मनपा के हैं।
अहमदाबाद में बुधवार को दो जनों की मौत के साथ ही मृतकों की संख्या इस वर्ष अब तक ५३ पर पहुंच गई। राज्य में सबसे अधिक मरीज अहमदाबाद के हैं।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में स्वाइन फ्लू के १९ नए मरीजों में से अहमदाबाद मनपा क्षेत्र में छह, वडोदरा मनपा में छह, कच्छ में चार, जामनगर, भावनगर, महिसागर में एक एक मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही इस वर्ष स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या १६७६ पर पहुंच गई है। इनमेंसे १४४४ ठीक होकर घरों को चले गए हैं। जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या १७९ है। इस समय अन्तराल में ५३ मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में स्वाइन फ्लू से सबसे अधिक प्रभावित अहमदाबाद शहर रहा है। शहर में एक सितम्बर के बाद से अब तक ६६७ मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें से २० की मौत भी हो गई।
दोहरे मौसम से बुखार व सर्दी के मरीज भी बढ़े
अहमदाबाद शहर समेत विविध भागों में इन दिनों दोहरा मौसम होने के कारण बुखार, खांसी व सर्दी जैसे मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। रात को सर्दी और दिन को गर्मी महसूस होने लगी है। जिसके चलते वायरल बुखार के मरीज बढ़े हैं। एक चिकित्सक के अनुसार उनकी ओपीडी में बुखार व खांसी संबंधित मरीजों की संख्या में बीस फीसदी मरीज बढ़े हैं।
कच्छ में स्वाइन फ्लू एक की मौत, तीन पॉजिटिव
भुज. कच्छ जिले में बुधवार को स्वाइन फ्लू के चलते एक मरीज की मौत हो गई, जबकि तीन नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ इस वर्ष स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मरीजों की संख्या २९ पर पहुंच गई है। इस अन्तराल में जिले में चार की मौत भी हो गई।
कच्छ जिले के मिरजापर के अंबेडकर नगर निवासी ५४ वर्षीय पुरुष को पिछले दिनों स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। उसे पहले भुज स्थित जी.के. जनरल हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जहां से भुज स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। बताया गया है कि मरीज को स्वाइन फ्लू के अलावा मधुमेह से भी पीडि़त था। बुधवार को उसकी मौत हो गई। जिले में स्वाइन फ्लू के नए तीन मरीज सामने आए हैं। इनमें एक युवक भी शामिल है। इस वर्ष कच्छ जिले में स्वाइन फ्लू के २९ मरीजों की पहचान हो गई है जबकि चार की मौत भी हो गई।