-राज्य सरकार ने किया तारीखों में बदलाव -दीपावली की छुट्टी तीन की जगह दो सप्ताह होगी
गांधीनगर. राज्य सरकार ने एक बार फिर नवरात्रि में स्कूल-कॉलेजों के अवकाश को लेकर तारीखों में बदलाव किया है। राज्य के शिक्षा मंत्री भूपेन्द्र सिंह चुडास्मा ने मंगलवार को घोषणा की कि नवरात्रि में स्कूल-कॉलेजों में अब 10 से 17 अक्टूबर के दौरान छु्टटी रहेगी।
कुछ दिनों पहले प्रदेश की शिक्षा राज्य मंत्री विभावरी बेन दवे ने घोषणा की थी कि नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी रहेगी। फिर बाद में मंत्री दवे के हवाले से जारी प्रेस विज्ञप्ति में अवकाश की तारीख 15 से 21 अक्टूबर बताई गई थी। उधर कई स्कूलों व संगठनों की ओर से नवरात्रि के दौरान अवकाश का विरोध जताया गया था।
इसी उहापोह की स्थिति के बीच कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि में 10 से लेकर 17 अक्टूबर तक 8 दिनों का अवकाश रहेगा। यह अवकाश नवरात्रि के पहले दिन से आरंभ होगा। 18 अक्टूबर को दशहरे की सार्वजनिक छुट्टी रहेगी। इस तरह इस मिनी वेकेशन में सात शैक्षणिक दिवस शामिल हैं।
वहीं नवरात्रि के अवकाश के कारण दीपावली की छुट्टी में सात दिनों की कटौती की जाएगी। दीपावली अवकाश आगामी 5 से 18 नवम्बर तक होगा। अब तक दीपावली की छुट्टी तीन सप्ताह तक होती थी।
शैक्षणिक सत्र के कार्यदिवस में कोई कटौती नहीं
मंत्री चुडास्मा ने कहा कि इस तरह नवरात्रि के दौरान सात दिनों की छुट्टी का निर्णय किया गया है वहीं दीपावली की छुट्टी के दौरान सात दिनों की कटौती की गई है। इस तरह शैक्षणिक कार्य दिवसों में कोई कटौती नहीं होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज की परीक्षाएं 22 अक्टूबर से 3 नवम्बर के दौरान होंगी वहीं कक्षा 9 से 12वीं कक्षा की परीक्षाएं नवरात्रि के अवकाश के बाद 19 से 30 अक्टूबर के दौरान होगी।
मंत्री ने कहा कि नवरात्रि के दौरान राज्य की जनता सहित युवा लोग उत्साह से इस पर्व में भाग लेने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निर्देश पर नवरात्रि में अवकाश का निर्णय लिया गया। इस दौरान स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम देखी जाती है।
सिर्फ गुजरात बोर्ड के स्कूलों पर लागू
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अवकाश सिर्फ गुजरात बोर्ड व गुजरात सरकार से मान्यता प्राप्त स्कूलों पर ही लागू होगा। सीबीएसई व अन्य बोर्ड के स्कूलों पर यह लागू नहीं होगा। मंत्री ने यह भी कहा कि नवरात्रि में अवकाश के विरोध को लेकर सरकार के पास कोई आवेदन नहीं आया है। उन्होंने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया कि नवरात्रि के अवकाश का निर्णय जल्दबाजी में लिया गया है।