अजमेर में फेयरवेल के बाद स्कूली बच्चों के स्टंट का वीडियो वायरल हो रहा है। बच्चें एक दूसरे का साथ रेस लगा रहे है। जानिए पूरी खबर
Ajmer News। राजस्थान में अमूमन फरवरी माह में कक्षा 12 वीं के विद्यार्थियों का फेयरवेल मनाया जाता है। अजमेर के एक प्राइवेट स्कूल में फेयरवेल के बाद छात्र कार के काफिले के साथ सड़कों पर निकल गए। जहां से उनके कारों के साथ स्टंट करने का वीडियो वायरल हो रहा है। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का भी उल्लंघन दिखा।
इस समय बच्चों को ऐसा लगता है कि वे अब आजाद हो रहे है, इस भूल में वे नियम कायदों का पालन करना भी भूल जाते हैं। स्कूल, जहां उन्हें नियम कायदों का पालन करना सिखाया जाता है, लेकिन उससे निकलते ही उनको ताक पर रखकर उल्लघंन किया जाता है। ऐसा ही एक मामला अजमेर से सामने आया है।
वायरल वीडियो में तेज रफ्तार से चलती लग्जरी गाड़ियों का लंबा काफिला सड़कों पर दौड़ता दिखाई दे रहा है। वहीं, काफिले के दौरान सड़क पर यातायात व्यवस्था भी काफी बाधित होती नजर आई। इस वीडियो के वायरल होने के बाद ट्रैफिक-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही फेयरवेल सेलिब्रेशन का ऐसा ट्रेंड सड़क सुरक्षा के लिए भी परेशानी बन गया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्र चलती कारों की खिड़कियों से बाहर झांकते और सनरूफ से निकलकर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में साफ दिखता है कि ये लड़के एक-दूसरे की गाड़ियों को ओवरटेक करते हुए सड़क पर रेस लगा रहे हैं। कुछ छात्र चलती गाड़ी में सिगरेट के धुएं के छल्ले उड़ा रहे हैं, तो कुछ के हाथों में होली वाला कलर फॉग है, जिसे वे खुलेआम सड़क पर बिखेर रहे हैं।
ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए इन लड़कों ने पूरे माजरे को फिल्मी अंदाज में रील की शक्ल दे दी। वीडियो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी साफ सुनाई देता है। यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी ट्रैफिक पुलिस एक अन्य स्कूल की फेयरवेल रैली में ऐसी हरकतों पर कार्रवाई कर चुकी है। बावजूद इसके, इस तरह के काफिलों पर लगाम लगती नहीं दिख रही।