अजमेर

#election 2018: बोले शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष..जिसे पार्टी देगी टिकट वो हमारा नेता

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Oct 29, 2018
vijay jain
vijay jain

अजमेर. शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन का कहना है कि उनका नाम भले ही दावेदारों की सूची में है, लेकिन उन्होंने स्वयं कभी टिकट की मांग नहीं की है। हालांकि उनका कहना है कि पार्टी उन्हें कोई जिम्मेदारी देगी तो वे उसे सहर्ष स्वीकार करेंगे।

पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की एक भी सीट नहीं आई, क्या कारण रहे?

पिछले चुनावों में भाजपा ने लोगों को बहका दिया था। लोग उनकी बातों में आ गए और हमारी योजनाओं को स्वीकार नहीं किया।

दावेदारों की फेहरिस्त लम्बी है, ऐसे में भीतरघात से कैसे बचेंगे?

यह तो हर चुनावों में होता है, सभी को दावेदारी का हक है। लेकिन अंत में पार्टी का निर्णय ही सब मानते हैं। हां कोई व्यक्तिगत रूप से संगठन में या हमारी बैठकों में अपनी नाराजगी जाहिर कर सकता है लेकिन जब टिकट घोषित होता है तो सभी एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए मेहनत करते हैं।

आप स्वयं भी टिकट के दावेदार हैं?

मैंने ना तो टिकट मांगा और ना ही मैंने दावेदारी जताई। मेरा सिर्फ यही कहना है कि पार्टी जो भी मुझे जिम्मेदारी देगी, उसे मैं अच्छे से निभाऊंगा।
लेकिन अजमेर उत्तर से आपका नाम चल रहा है?पार्टी ने पहले भी मुझे कई जिम्मेदारियां दी हैं, आगे भी मुझे कोई जिम्मेदारी दी जाएगी तो पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करुंगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभाओं का क्या असर पड़ेगा?

प्रधानमंत्री के चेहरे पर पहले मुस्कुराहट थी, लेकिन इस बार अजमेर में उनका चेहरा मुरझाया हुआ था। उनकी बातों में भी दम नहीं था। रोजगार, कालेधन या महंगाई को लेकर उन्होंने कुछ नहीं बोला।
कांग्रेस किसी को मुख्यमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट क्यों नहीं करती?

यह कांग्रेस की रीति-नीति रही है, मुख्यमंत्री आलाकमान ही तय करता है। हमारा काम केवल चुनाव लडऩा है। पार्टी के सभी कद्दावर नेता मिलकर मेहनत कर रहे हैं। प्रदेश में राहुल गांधी जी के आने पर जितनी भीड़ हुई उतनी मोदी जी के आने पर नहीं हुई है।

कांग्रेस को किस आधार पर वोट मिलेंगे?

सत्ता विरोधी लहर है। जीएसटी, नोटबंदी से व्यापारी वर्ग नाराज है। स्मार्ट सिटी के नाम पर केवल कागजों में विकास हो रहा है, धरातल पर कुछ नहीं। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में सचिन पायलट कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट व योजनाएं अजमेर में लागू की थीं, लेकिन उनकी भाजपा सरकार ने धज्जियां ही उड़ाई हैं।

विधानसभा चुनाव को लेकर आपकी क्या तैयारियां हैं?

हर बूथ पर कार्यकर्ता मुस्तैद किया गया है। पिछली बार जो कमी रही, उन्हें दूर करेंगे। स्थानीय समस्याओं को हमने उठाया है।

Published on:
29 Oct 2018 08:52 am