अजमेर

#Election 2018 : भाई साहब..अभी सिर्फ टिकट की दौड़, बाद में देखेंगे ये काम

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Oct 26, 2018
political leader for ticket
political leader for ticket

दिलीप शर्मा/अजमेर

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस आलाकमान टिकटों की मशक्कत में व्यस्त है। इसके लिए जहां रायमशुमारी की जा रही है वहीं दावेदार टिकट पाने की जुगत में है। अजमेर में भी शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन और देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ टिकट की दौड़ में होने से सांगठनिक गतिविधियां शिथिल हो गई हैं।

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष व अजमेर जिला प्रभारी प्रमोद भाया भी यहां पिछले छह माह सेअधिक समय से नहीं आए हैं। यहां तक कि कांग्रेस की मासिक बैठकें तक नहीं हो रही। ऐसे में मतदाताओं से संपर्क अभियान धन संग्रहण आदि के काम शुरू नहीं हो पाए हैं।

टिकट वितरण के बाद ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी, प्रचार की रणनीति तय करने व बूथवार प्रभारी बनाने जैसे काम बाकी हैं लेकिन यह सब काम अगले 15 से 20 दिन में करने होंगे। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की रणनीति संगठन स्तर पर कैसे तय होगी फिलहाल कह पाना मुश्किल है।


चुनाव प्रचार के लिए एक पखवाड़ा
विधानसभा चुनाव के लिए 7 दिसम्बर को मतदान होना है। इसके करीब 15 दिन पहले नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 12 नवम्बर को नामांकन अधिसूचना जारी होगी। 19 नवम्बर तक नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 20 नवम्बर को नामांकन पत्रों की जांच व 22 नवम्बर को नाम वापसी हो सकेगी। मात्र 14 दिन की अवधि में मतदाताओं तक पार्टी का प्रचार करना होगा। इसमें पार्टी को कार्यालय खोलना, प्रचार व्यवस्था, डोर टू डोर मतदाताओं से संपर्क, राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की सभा आदि के काम 5 दिसम्बर तक पूरे करने होंगे।

पार्टी की मासिक बैठकों का नहीं अता-पता

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दो अक्टूबर से मतदाता जनसंपर्क अभियान शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसमें मतदाताओं से डोर-टू-डोर संपर्क के साथ धन संग्रहण का कार्य भी करना था लेकिन यह काम भी विधिवत शुरू नहीं हो सका है।

वार्ड व ब्लॉक कार्यकारिणी निष्क्रिय
वार्ड व ब्लॉक कार्यकारिणी के विस्तार के अभाव में नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष भी प्रभावी कार्य नहीं कर पा रहे। दो अक्टूबर से शुरू होने वाला जनसंपर्क अभियान अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। कांग्रेस प्रवक्ता मुज्जफर भारती का कहना है कि चुनाव से पूर्व सभी ब्लॉक व वार्ड में कार्यकर्ताओं को तैनात कर दिया जाएगा। जनसंपर्क अभियान भी आने वाले दिनों में जोर शोर से शुरू हो जाएगा।

Published on:
26 Oct 2018 08:51 am