
अजमेर. मानसिक विमंदित बालिका से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपित वृद्ध को रामगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसको न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।
थानाप्रभारी गोमाराम ने बताया कि खानपुरा चिश्ती नगर निवासी भंवरलाल (75) पुत्र भागू रेगर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ 19 मार्च को सुभाषनगर चिश्ती नगर में रहने वाली एक महिला ने मुकदमा दर्ज करवाया था। आरोपी भंवरलाल पर विमंदित बालिका के साथ अश्लील हरकत करने व दुराचार का आरोप लगाया था। मामला सामने आने पर भंवरलाल फरार हो गया। पुलिस ने शनिवार रात उसको गिरफ्तार किया। उसका जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में मेडिकल करवाने के अदालत में पेश किया।
पड़ोसियों ने देखा तो हंगामा
पुलिस के मुताबिक मासूम बालिका से दुराचार के मामले में सुभाष नगर क्षेत्र में हंगामा होने के बाद परिजन ने पुलिस को रिपोर्ट दी। क्षेत्रवासियों ने बताया कि आरोपित हैंडपम्प पर पानी भरने आई मासूम बालिका को दस रुपए देने के बहाने अपने घर ले गया और दुराचार किया। क्षेत्रवासियों ने इससे पूर्व भी आरोपित को बालिका के साथ अश्लीलता करते देखा गया था।