अजमेर

Rajasthan Crime: पति ने दीवार में दे मारा पत्नी का सिर, मौत के बाद सीढ़ियों से गिरने की कहानी बनाई, जानिए कैसे सामने आई सच्चाई

क्लॉक टावर थाना क्षेत्र में सीढ़ियों से गिरने से महिला की मौत होने का मामला हादसा नहीं बल्कि कत्ल है। जानिए कैसे सामने आई यह सच्चाई?
3 min read
Aug 06, 2025
ajmer murder
Photo- Patrika

अजमेर। क्लॉक टावर थाना क्षेत्र में सोमवार को सीढ़ियों से गिरने से महिला की मौत होने का मामला हादसा नहीं बल्कि कत्ल है। क्लॉक टावर थाना पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की तो मेडिकल ज्युरिस्ट ने चोटें देखकर हादसा ना होकर हत्या का संदेह जाहिर किया। पुलिस ने चश्मदीदों से गहनता से पड़ताल की तो सच सामने आ गया।

Ajmer Crime: भाई की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज

घरेलू कलेश व नशे की झोंक में पति ने उसके साथ बेहरमी से मारपीट करते का सिर दीवार में दे मारा। हालत बिगड़ी तो उसको अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक के उसको मृत घोषित करने पर आरोपी पति ने पत्नी के घर में सीढ़ियों से गिरने की मनघड़ंत कहानी बयां बना दी। पुलिस ने भाई की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पोस्टमार्टम में क्या सामने आया

पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि 4 अगस्त सुबह साढ़े 7 बजे क्लॉक टावर थाने को जेएलएन अस्पताल फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के मेडिकल ज्युरिष्ट ने सूचना दी कि पहाड़गंज की सीमा गुजराती(32) पत्नी लक्ष्मण गुजराती की सीढ़ियों से गिरने से मृत्यु हो गई है। सूचना पर थानाधिकारी विरेन्द्रसिंह शेखावत ने मोर्चरी पहुंच पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। मेडिकल ज्युरिस्ट ने पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर पर आई चोटों को संदेहास्पद बताया।

पुलिस ने मृतका के परिजन से गहनता से पूछताछ की। लक्ष्मण के बड़े भाई सुरेश गुजराती ने पुलिस पड़ताल में पति लक्ष्मण की मारपीट में सीमा की मृत्युकारित होना कबूला। पुलिस ने सुरेश की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस पड़ताल में लक्ष्मण गुजराती ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

लिव इन में रह रही थी सीमा

सुरेश ने रिपोर्ट में बताया कि वह पेशे से टेम्पो चालक है। छोटा भाई लक्ष्मण व उसका परिवार साथ में रहते हैं। लक्ष्मण आदतन नशेड़ी है। आए दिन पत्नी के साथ में मारपीट करता रहता है। लक्ष्मण की पूर्व में शादी हो चुकी थी। पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी है।

लक्ष्मण अभी सीमा के साथ लिव इन में रह रहा था। सीमा के पूर्व पति की भी मृत्यु हो चुकी है। उसके तीन बेटियां है। जो उसकी दादी के पास रहती हैं। सीमा पति की मृत्यु के बाद 5-6 साल से लक्ष्मण के साथ रह रही थी। उसके भाई के दाम्पत्य संबंधों से उनके दो साल की बेटी है। सीमा खुदको जोधपुर की रहने वाली बताती थी। उन्हें पीहर की जानकारी नहीं है।

नशे को लेकर होता था कलेश

सुरेश ने रिपोर्ट में बताया उसका भाई लक्ष्मण व सीमा दोनों नशा करते थे। इसको लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। गत 3 अगस्त रात 8 बजे बाद से दोनों शराब पीकर झगड़ा रहे थे। उसने समझाइश की लेकिन पुनः झगड़ने लग गए। वह कमरे में जाकर सो गया। रात करीब 12 से 1 बजे उनके चीखने-चिल्लाने की आवाज आई।

Photo- Patrika

सीमा की तेज आवाज आई तो वह पत्नी काली व मां रामकन्या के साथ बाहर आए। सीमा फर्श पर पड़ी थी। उसमें हलचल नहीं थी। उन्होंने उसे जेएलएनएच पहुंचाया। चिकित्सकों ने सीमा को मृत घोषित कर दिया। सीमा के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। लक्ष्मण ने सीमा से मारपीट कर मृत्युकारित की है।

राजस्थान पुलिस ने जुटाए साक्ष्य

एसपी ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण में लक्ष्मण खटीक (40) को गिरफ्तार कर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की दुकानों व अभय कमांड सेन्टर के सीसी टीवी कैमरे देखते हुए रूटमैप बनाया। सीसीटीवी फुटेज के अलावा तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए।

Updated on:
06 Aug 2025 02:08 pm
Published on:
06 Aug 2025 02:05 pm