भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि गहलोत भ्रम न फैलाकर आंकड़ो पर बात करें।
अलवर पत्रिका. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रोड शो पर तंज कसते हुए कहा कि फ्लॉप शो में ही पार्टी के जिले के वरिष्ठ नेता नदारद रहे। उन्होंने कहा कि गहलोत और कांग्रेस चुनावों में भ्रम न फैलाएं।
परनामी ने अलवर में मीडिया से कहा कि हमने जो भी कहा है वह आधिकारिक आंकड़ों के आधार पर कहा है। अलवर में पांच साल में 6668 करोड़ के विकास कार्य का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि यह राशि जारी हुई है, कई बड़े काम किए हैं, इसे कोई नकार नहीं सकता और जनता को भ्रमित नहीं कर सकता। परनामी ने कहा की सरकार जादूगिरी से नहीं बल्कि धरातल पर विकास करने से चलती है। प्रदेश और केंंद्र सरकार को उन्होंने पारदर्शी, जवाबदेह, भ्रष्टाचार मुक्त बताया और कांग्रेस को तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टी बताया। वहीं अलवर के पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह के बारे में कहा कि उन्होंने विधायक और सांसद रहने के दौरान विकास कार्य नहीं किया। वहीं आरोप जड़ा कि डॉ. कर्णसिंह ने सांसद, विधायक और बीस सूत्री कार्यक्रम के कार्यकाल के दौरान अलवर के लिए कुछ नहीं किया।
... तो 20 सीटों पर नहीं सिमटती कांग्रेस
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण व जाति की राजनीति करती है। वहीं, भाजपा विकास की। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने विकास कराया होता, तो जनता उसे 20 सीटों पर नहीं समेटती। कांग्रेस ने विकास नहीं बल्कि जनता को कर्ज में डुबोया। हम कांग्रेस शासन में चढ़े कर्ज को भी कम कर रहे हैं और साथ में विकास भी करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो जनप्रतिनिधि जनता के काम नहीं करा सकता, उसे जनता से वोट मांगने का अधिकार नहीं है।
‘भाजपा विकास की बात करती है’
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ भ्रम फैलाने का काम करती है, जबकि भाजपा सबका साथ-सबका विकास की बात करती है। धौलपुर उपचुनाव में भी कांग्रेस ने भ्रम फैलाया, लेकिन यहां जनता ने भाजपा को भारी बहुमत से जिताया। उन्होंने कहा कि अलवर की जनता पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत से पूछना चाहती है कि उनके कार्यकाल में अलवर में क्या-क्या विकास कार्य हुए? भाजपा ने चार साल में अलवर में सीवरेज, जल संवर्धन सहित विकास के कई कार्य कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि हम विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं, जबकि कांग्रेस जातीय आधार पर वोट मांग रही है।