अलवर

विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने में शिक्षित समाज की महत्पूर्ण भूमिका – उप मुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा

Feb 02, 2026
Feature image

उप मुख्यमंत्री डाॅ. प्रेम चंद बैरवा एवं वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने मेघवाल समाज की 435 प्रतिभाओं को किया

अलवर. विकसित राष्ट्र के संकल्प को साकार करने में शिक्षित समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह विचार उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने व्यक्त किए। वे रविवार को होटल स्वरूप विलास, अलवर में राजस्थान मेघवाल समाज संस्थान जिला अलवर द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा एवं वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेघवाल समाज की 435 प्रतिभाओं को सम्मानित किया।उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की ओर से अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक वर्ग जागरूक होकर उठा सकता है। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल सम्मान का नहीं, बल्कि समाज के प्रतिभावान बच्चों के आत्मसम्मान, संघर्ष और उपलब्धियों का उत्सव है। प्रतिभाएं अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं। उन्होंने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के तीन मंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सभी को योगदान देना चाहिए।वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान की रचना कर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा की। उन्होंने कहा कि समानता, समरसता और एकता के भाव से ही विकसित राष्ट्र का सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रदेश के टाइगर रिजर्व सरिस्का एवं रणथम्भौर में निःशुल्क भ्रमण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाएं देश की धरोहर हैं और उन्हें पर्यावरण, प्रकृति तथा वन्य जीवों के संरक्षण से जोड़ना आवश्यक है।

कार्यक्रम में कठूमर विधायक रमेश खिंची, राष्ट्रीय सर्वमेघवंश महासभा इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल डेनवाल, नेचर वेलफेयर काउंसिलिंग के चेयरमेन राहुल द्विवेदी, राजस्थान मेघवाल समाज संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष निहाल सिंह, जिला अध्यक्ष डॉ. बी.आर. शास्त्री, देशराज वर्मा, सुमेर सिंह, भरत सिंह अहरोदिया, मनोहर गोरा, छैल बिहारी, महेश गोठवाल, अशोक वर्मा, थावरमल सहित समाज के प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Updated on:
02 Feb 2026 12:05 pm
Published on:
02 Feb 2026 12:05 pm