अलवर

जेसीबी व डंपर जब्त; माफिया फरार, वन विभाग ने दर्ज किया मामला

अलवर जिले के प्रतापगढ़ वन परिक्षेत्र में शनिवार देर रात वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक डंपर जब्त किया।

less than 1 minute read
Mar 01, 2026
Feature image

अलवर जिले के प्रतापगढ़ वन परिक्षेत्र में शनिवार देर रात वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक डंपर जब्त किया। कार्रवाई गांव कालेड से आगे वन क्षेत्र में की गई। वनपाल रामवतार मीना ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत डीएफओ आर.के. हुड्डा और सहायक वन संरक्षक प्रशांत गौड़ के निर्देशन में टीम ने निजी वाहनों से दबिश दी।

वन विभाग की अचानक कार्रवाई से खनन माफिया मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गए। सुरक्षा कारणों से वनकर्मियों ने खुद जेसीबी और डंपर को चलाकर वन नाका प्रतापगढ़ लाया। इस दौरान कुछ आरोपियों ने रास्ते में पत्थर डालकर बाधा डालने की कोशिश की। मामले में राजस्थान वन अधिनियम 1953 की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

बताया गया कि पुलिस से तत्काल सहयोग नहीं मिला, बाद में उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाब्ता मौके पर पहुंचा। अरावली क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट के आदेश से खनन पर प्रतिबंध है, इसके बावजूद दर्जनों गांवों में अवैध गतिविधियां जारी हैं। कार्रवाई में रेंजर जितेंद्र सैन सहित वन विभाग व पुलिस की टीम मौजूद रही।

Published on:
01 Mar 2026 04:15 pm