अलवर

Rajasthan Weather: अलवर में 4 घंटे झमाझम, बिजली गिरने से युवती की मौत, 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम का हाल

सरिस्का की वादियों में हुई झमाझम बरसात के बाद अकबरपुर रेंज स्थित छीलों का एनिकट में जोरदार पानी की आवक हुई है। एनिकट की उपरा ओवरफ्लो हो गई।
3 min read
Jul 04, 2024
alwar rain-1

Alwar Rain Alert : राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। शहर में करीब चार घंटे में ढाई इंच पानी बरसा। उधर बहरोड़ में 80 मिमी बारिश हुई। जयसमंद में पानी आवक हुई है। वहीं, अन्य बांधों में भी पानी आने की उम्मीद है। बहरोड़ क्षेत्र के गूंती गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौत हो गई। मौसम विभाग की मानें तो जिले में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना है। ऐसे में बारिश के समय लोगों ने सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी है।

शहर में सुबह से उमसभरी गर्मी का जोर रहा। लेकिन शाम 4 बजे काली घटाएं छाई और तेज बरसात शुरू हो गई। करीब ढाई घंटे तक तेज बारिश हुई। पूरा शहर पानी से लबालब हो गया। इसके बाद रात 8 बजे तक कभी तेज और कभी मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इस दौरान लागों ने बारिश का आनंद लिया। सड़कों पर लोग पानी में भीगते नजर अए। उधर सागर और किशनकुंड में पानी की आवक शुरू हो गई। सिंचाई विभाग के तीन बांधों में पानी की आवक हुई है। भिवाड़ी क्षेत्र में आधे घंटे तक रिमझिम बारिश का दौर चला। खैरथल में उमस झेल रहे लोगो को बरसात ने राहत प्रदान की है।

आकाशीय बिजली से युवती की मौत

अलवर के बहरोड़ शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार दोपहर को हुई बरसात से सड़कें तालाब बन गई। क्षेत्र के गूंती गांव में आकाशीय बिजली युवती सपना पुत्री राजेन्द्र की मौत हो गई। सपना बरसात के दौरान फोन पर बात कर रही थी। इस दौरान उस पर आकाशीय बिजली गिर गई। आकाशीय बिजली गिरने से युवती का चेहरा झुलस गया। इसके बाद परिजनों ने उसे 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन यहां पर उसकी हालात ज्यादा गंभीर होने पर युवती को अलवर के लिए रैफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रूपारेल नदी स्थित जलकुंभी पानी के साथ बही

इधर, नटनी का बारा रूपारेल नदी के पानी की आवक होने से यह पानी के साथ बहने लगी है। बड़ी मात्रा में जलकुंभी की वजह से पानी भी नजर नहीं आ रहा था। जल जीवों को बड़ी परेशानी हो रही थी। हालांकि प्रशासन की ओर से जलकुंभी हटाई जा रही थी और काम भी बड़ा धीमा चल रहा था, लेकिन मंगलवार देश शाम आई बरसात के बाद रूपा रेल नदी में पानी की जोरदार आवक के साथ नदी का पानी अपने साथ जलकुंभी बहा कर ले गया।

सरिस्का के एनिकट ओवरफ्लो

सरिस्का की वादियों में हुई झमाझम बरसात के बाद अकबरपुर रेंज स्थित छीलों का एनिकट में जोरदार पानी की आवक हुई है। एनिकट की उपरा ओवरफ्लो हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि छीलों के एनिकट से आसपास के कई गांवों में भूजल स्तर बढ़ता है। पिछले वर्ष अकबरपुर ग्राम पंचायत ने मनरेगा के तहत यह एनिकट बनवाया था। यह एनिकट पहाड़ों के बीच में होने के कारण भरपूर पानी आता है। बरसात के बाद एनिकट छलक गया। सरिस्का क्षेत्र में और भी अन्य एनिकटों में पानी आने से वन्य जीव को काफी फायदा मिलेगा।

Updated on:
04 Jul 2024 10:59 am
Published on:
04 Jul 2024 10:59 am