अस्थायी पुल के मरम्मत कार्य में बारिश ने डाली खलल, ह्यूम पाइप को पहुंचा नुकसान, फिलिंग की गई मिट्टी का कुछ हिस्सा भी बहा, बारिश से मरम्मत का काम हुआ ब
अंबिकापुर. अम्बिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर उदयपुर से लगभग 17 किलोमीटर दूर शिवनगर स्थित अटेम नदी में डायवर्सन के लिए बने अस्थायी पुल के बह जाने से आवागमन शनिवार को ६वें दिन भी ठप रहा। वहीं शुक्रवार की रात से हो रही बारिश ने मुसीबत और बढ़ा दी है, मरम्मत काम एक तरह से रुक गया है। अब इस मार्ग के शुरू होने में अभी दो-तीन दिन और लगने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग पर डांडग़ांव से लगे अटेम नदी में स्थित अस्थायी पुल के बह जाने के बाद से उसके दोबारा निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा था। शुक्रवार को कलक्टर किरण कौशल व एसपी आरएस नायक ने भी मरम्मत कार्य का जायजा लेकर सड़क निर्माण में लगे कंपनी के अधिकारियों को पुल के जल्द निर्माण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए थे। मौके पर मौजूद निर्माण कंपनी के सीनियर प्रोजेक्टर मैनेजर एम.व्ही.यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों को शनिवार तक मार्ग मरम्मत कार्य पूर्ण होने का भरोसा दिलाया था परंतु रात से ही हो रही बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है।
शनिवार को अटेम नदी में पानी का बहाव फिर से तेज होने के कारण काम में गति नही आ सकी। बल्कि नदी में पानी के तेज बहाव ने पुल बनाने में लगे ह्यूम पाइप को नुकसान पहुंचाया है। फिलिंग के लिए भरी गई मिट्टी का कुछ हिस्सा भी पानी में बह गया है। सड़क में डाली गई मिट्टी भारी कीचड़ में तब्दील हो गई जिससे मरम्मत कार्य में लगे वाहनों को आने जाने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क कब तक आवागमन के लिए चालू हो पाएगा यह बारिश की स्थिति पर निर्भर होगा। फिर भी कम से २-३ दिनों का समय लगना संभावित है। फिलहाल भारी वाहनों को छोड़कर कुछ यात्री बसों और अन्य छोटी वाहन परिवर्तित गुमगा, कोटेरबुड़ा, परसा से साल्ही मोड़ होकर चल रही है। इसी तरह बिलासपुर की ओर से आने वाली हल्की वाहनें साल्ही मोड़ से परसा कोटेरबुड़ा से गुमगा मुख्य मार्ग पर होकर चल रही है।