अंबिकापुर

भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंहदेव ने हजारों समर्थकों के साथ रैली निकाल जमा किया नामांकन, झारखंड के पूर्व CM भी रहे मौजूद- देखें Video

लुंड्रा से विजयनाथ सिंह व सीतापुर से प्रोफेसर गोपाल राम ने अनुराग के साथ रैली में शामिल होकर जमा किया नामांकन, शहर में जगह-जगह स्वागत
2 min read
Anurag Sindhdeo rally
Anurag nomination rally

अंबिकापुर. विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन भरने का दौर जारी है। भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य दलों के प्रत्याशियों द्वारा शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किया जा रहा है। 1 नवंबर को प्रदेशभर में भाजपा प्रत्याशियों ने एक साथ नामांकन दाखिल किया।

इसी कड़ी में अंबिकापुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंहदेव ने झारखंड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की मौजूदगी में अपने हजारों समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए शहर में रैली निकाली और नामांकन दाखिल किया। उनके साथ सीतापुर विधानसभा से प्रत्याशी प्रोफेसर गोपाल राम व लुंड्रा प्रत्याशी विजयनाथ सिंह ने भी नामांकन भरा।

अंबिकापुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस और भाजपा के बीच ही मुख्य मुकाबला होगा। 31 अक्टूबर को कांग्रेस प्रत्याशी टीएस सिंहदेव ने शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किया था। 1 नवंबर को अंबिकापुर से भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंहदेव ने सीतापुर व लुंड्रा प्रत्याशी के साथ शहर में रैली निकाली।

रैली में झारखंड के पूर्व सीएम की मौजूदगी भाजपा के लिए खास रही। रैली का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। भाजपा प्रत्याशियों ने पहले मां महामाया मंदिर में मत्था टेका और रैली की शक्ल में शहर के मुख्य मार्ग से होते हुए कलक्टोरेट पहुंचे।

यहां तीनों प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल के दौरान पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के साथ भाजपा के सरगुजा संभाग प्रभारी गणेश मिश्रा, जिला प्रभारी सचिदानंद उपासने भी मौजूद रहे।


एकजुट दिखे सभी नेता
अंबिकापुर विस में टिकट वितरण के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि यहां पार्टी को अंतर्कलह का सामना करना पड़ सकता है लेकिन प्रचार से लेकर नामांकन रैली में संगठन व पार्टी के सभी पदाधिकारी व नेता एकजुट नजर आए।

आज की रैली में भी भाजपा के बड़े पदाधिकारी अनिल सिंह मेजर, जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी, भारत सिंह सिसोदिया, ललन प्रताप सिंह, काशीनाथ तिवारी, पूर्व महापौर प्रबोध मिंज, अंबिकेश केशरी, राजकुमार बंसल, आलोक दुबे समेत अन्य शामिल हुए और एकजुटता का परिचय दिया।

Published on:
01 Nov 2018 02:47 pm