अंबिकापुर

बहन की शादी का कार्ड बांटने जा रहे भाई की हादसे में मौत

बनारस मार्ग पर मसान नाले पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर
2 min read
• •
Updated: 16 Feb 2018, 8:55 PM IST
Ambikapur news

अंबिकापुर/जरही। बनारस मार्ग पर मसान नाले के पास शुक्रवार को नशे में धुत पिकअप चालक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और उसके साथी ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप भी पलट गई, लेकिन चालक को मामूली चोट आई। मामले में भटगांव पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। बाइक चला रहा युवक बहन की शादी का कार्ड बांटने प्रतापपुर जा रहा था और हादसे का शिकार हो गया। इस घटना से उसके घर में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार सूरजपुर के केतका निवासी २५ वर्षीय दिलीप सिंह गोंड़ अपने बहन की शादी का कार्ड बांटने साथी २६ वर्षीय राजकुमार सिंह के साथ बाइक से प्रतापपुर जा रहा था। रास्ते में सुबह लगभग ११ बजे बनारस की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक यूपी ६४ एटी ९८०० के चालक ने मसान नाले पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी।

भिड़ंत होने के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बाइक चला रहे दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी राजकुमार गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भेजा, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दिलीप के मौत की खबर मिलने पर परिजन सदमे में डूब गए। घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

नशे में था पिकअप चालक
पुलिस ने बताया कि पिकअप चालक अंबिकापुर मायापुर निवासी मनोज कुमार शराब के नशे में धुत था। बाइक को टक्कर मारने के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर पलट गई, लेकिन चालक को चोट नहीं आई। मामले में पिकअप जब्त कर चालक के खिलाफ धारा ३०४ ए के तहत अपराध दर्ज किया है।

Published on: