बैंगलोर

मोदी को जनार्दन रेड्डी की लूट पर 5 मिनट बोलने की चुनौती

राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की जा रही टिप्पणियों का राज्य की जनता पर कोई असर नहीं होगा।

2 min read
May 06, 2018

बेंगलूरु. राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की जा रही टिप्पणियों का राज्य की जनता पर कोई असर नहीं होगा। प्रधानमंत्री ने उनकी सरकार पर स्मार्ट सिटी योजना के लिए केंद्र सरकार की ओर से जारी 836 करोड़ रुपए के अनुदान में से केवल 52 करोड़ रुपए का अनुदान खर्च करने की बात की है। इस आरोप को साबित करने के लिए प्रधानमंत्री के पास अगर कोई दस्तावेज हो तो तुरंत जारी करना चाहिए। साथ में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनार्दन रेड्डी की खनिज संपदा की लूट पर 5 मिनट बोलने की चुनौती दी है।

तुमकूरु में जनसभा में मोदी की टिप्पणियों का ट्विटर पर जवाब देते हुए सिद्धरामय्या ने कहा कि मोदी ने उनकी (सिद्धरामय्या) सरकार पर विकास कार्यों के लिए जारी अनुदान की लूट का आरोप किस आधार पर लगाया , यह बात उनकी समझ से परे है। ऐसे बेबुनियाद आरोपों का जवाब देना भी समय की बर्बादी है। सत्ता में रहते समय राजस्व लूटने वाले भ्रष्ट भाजपा नेताओं से उनको किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं है।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भले जनार्दन रेड्डी बंधुओं को क्लीन चिट दी हो लेकिन राज्य की खनिज संपदा लूटने वाले रेड्डी बंधुओं के खिलाफ जांच के लिए सरकार ने विशेष जांच दल का गठन किया है। सरकार इन लुटरों को किसी भी हालत में नहीं बक्शेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार भाजपा धनबल के आधार पर विज्ञापन प्रसारित कर राज्य की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। लेकिन राज्य की जनता इस बात को नहीं भूली है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री बी.एस.येड्डियूरप्पा समेत 6 से अधिक मंत्री जेल गए थे।

मैं धर्मनिरपेक्ष, मोदी नहीं
सिद्धरामय्या ने रविवार को कहा कि मैं धर्मनिरपेक्ष हूं लेकिन मोदी नहीं हैं। सिद्धरामय्या ने कहा कि मोदी बिना तथ्य और सबूत के ही बहुत सारी बातें कहते हैं जिसका कोई औचित्य नहीं है। विधानसभा चुनाव में हिंदुत्व के मसले के असर के बारे में पूछे जाने पर सिद्धरामय्या ने कहा कि मैं धर्मनिरपेक्ष हिंदू हूं जबकि मोदी के साथ ऐसा नहीं है। सिद्धरामय्या ने शनिवार को बादामी में अपना चुनाव अभियान शुरु किया।

सिद्धरामय्या चामुंडेश्वरी के अलावा यहां से भी चुनाव लड़ रहे हैं। अभियान शुंरु करने के साथ ही सिद्धरामय्या ने अपने विरोधी व भाजपा उम्मीदवार बी. श्रीरामुलू पर हमला किया। सिद्धरामय्या ने कहा कि भाजपा ने सिर्फ मुझे हराने की कोशिश के तहत श्रीरामुलू को यहां से उतारा है जबकि यहां से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि श्रीरामुलू के दोस्त रेड्डी बंधुओं ने पहले बल्लारी को लूटा और अब बादामी को लूटने की मंशा से यहां आ गए हैं। सिद्धरामय्या ने जीतने के बाद क्षेत्र का पूरा ख्याल रखने के साथ विकास का वादा भी किया।

Published on:
06 May 2018 06:16 am
Also Read
View All