बारां

अम्बेडकर मूर्ति लेकर विवाद, दलित समुदाय जुलूस निकालेगा, मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम नहीं करेगा

-प्रतिमा अनावरण का मामलासीसवाली. कस्बे में बैरवा समाज द्वारा 14 अप्रेल को बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती पर जुलूस निकाला जाएगा।

2 min read
Apr 13, 2018
अम्बेडकर मूर्ति लेकर विवाद, दलित समुदाय जुलूस निकालेगा, मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम नहीं करेगा
ambedakar

-प्रतिमा अनावरण का मामला
सीसवाली. कस्बे में बैरवा समाज द्वारा 14 अप्रेल को बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती पर जुलूस निकाला जाएगा। इसी दिन मूर्ति का भी अनावरण करने की सूचना पर प्रशासन व पुलिस ने बैरवा समाज के लोगों को बुलाकर समझाइस कर मूर्ति हटाने को कहा, लेकिन उन्होंने उसे हटाने से मना कर दिया। इस मामले को लेकर शुक्रवार को प्लाट के गणेशजी के स्थान पर दलित समाज के लोग एकत्र हो गए। इस बीच कांग्रेस नेता प्रमोद जैन भाया व कांग्रेस जिलाध्यक्ष पानाचंद मेघवाल ने सीसवाली पहुंचकर पुलिस थाने में आयोजित समझौता वार्ता में भाग लिया। वार्ता में भाया व मेघवाल के अलावा नायब तहसीलदार सियाराम मीणा, थानाधिकारी सत्यनारायण सिंह, पीसीसी सदस्य हंसराज मीणा, कांग्रेस जिला महासचिव एम इदरीस खान, नरेश जैन, हरीश खण्डेलवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र कुमार कलवार, बैरवा समाज के अध्यक्ष प्रभुलाल बैरवा, आयोजन समिति अध्यक्ष चौथमल बैरवा, रामगोपाल बैरवा, उपाध्यक्ष गिरिराज बैरवा, राजेन्द्र बैरवा कोषाध्यक्ष, उप कोषाध्यक्ष माधोलाल बैरवा, महासचिव गोकुल प्रसाद बैरवा, बंटी शर्मा सहित दलित समाज के लोग शामिल हुए। जिसमें तय हुआ कि 14 अप्रेल को दलित समुदाय जुलूस निकालेगा, लेकिन मूर्ति का अनावरण कार्यक्रम नहीं करेगा। भाया ने कहा कि यथा स्थिति बनी रहेगी और जो कार्यक्रम समाज द्वारा तय किया गया है। उसी के अनुरूप कार्यक्रम शांति पूर्वक होगा। उन्होंने प्रशासन से कहा कि मूर्ति के साथ छेड़छाड़ की गई तो जिले में आंदोलन होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
लगाया ताला
उधर बैरवा समाज जिस भूमि पर मूर्ति को स्थापित किया है। उस भूमि को प्रशासन सरकारी बता रहा है। वहीं बैरवा समुदाय के लोगों के अनुसार इस भूमि पर समाज का करीब 20 वर्षो से कब्जा है और चारदीवारी भी हो रही है। जिस पर समाज के कई कार्यक्रम किए जा चुके है। मूर्ति भी करीब 2 माह पूर्व ही स्थापित की जा चुकी थी। तब प्रशासन ने इसका विरोध नहीं किया। जब हम अम्बेडकर जयंती पर मूर्ति का अनावरण करने जा रहे थे, हमें करने नही दिया जा रहा है। इससे समाज में रोष है। वार्ता खत्म होने के बाद तहसीलदार रामनिवास मीणा, नायब तहसीलदार व थाना अधिकारी ने उक्त स्थल का जायजा लेकर टेंट दूसरी जगह लगाने के लिए कहा और उस जगह पर ताला लगा दिया।

Published on:
13 Apr 2018 08:28 pm