बरेली

दोस्त की गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या, बीच-बचाव में आया भाई भी जख्मी, गांव में तनाव, आरोपी फरार

मंगलवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। श्याम सुंदर की उसके ही रिश्तेदार ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आया उसका भाई भी घायल हो गया।

2 min read
Apr 15, 2026

शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बरी खास गांव में मंगलवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। श्याम सुंदर की उसके ही रिश्तेदार ने गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आया उसका भाई भी घायल हो गया। वारदात के बाद गांव में दहशत फैल गई और पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पुलिस के मुताबिक, श्याम सुंदर का गांव के ही एक रिश्तेदार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी ने तमंचा निकालकर श्याम सुंदर को गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका भाई भी हमले में जख्मी हो गया। घटना के बाद परिजन घायल श्याम सुंदर को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल भाई का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने एक को दबोचा

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।मृतक की पत्नी मोनी देवी ने पुलिस को बताया कि श्याम सुंदर और आरोपी पहले अच्छे दोस्त की तरह रहते थे, लेकिन हाल के दिनों में उनके बीच विवाद बढ़ गया था, जो आखिरकार इस खूनी घटना में बदल गया।

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर प्रयांक जैन और एसपी सिटी देवेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद ही हत्या की वजह सामने आ रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read
View All