शहर में महिलाओं से छिनैती की वारदातों से दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया।
बरेली। शहर में महिलाओं से छिनैती की वारदातों से दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसकी सारी हेकड़ी निकल गई। यह आरोपी इज्जतनगर, कैंट और सुभाषनगर थाना क्षेत्र में हुई कई वारदातों में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक 9 मार्च को इज्जतनगर के नैनीताल रोड रेलवे मार्केट, 12 मार्च को कैंट के बुखारा मोड़ और 13 मार्च को सुभाषनगर के पराग फैक्ट्री के पास बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं से पर्स, मोबाइल और हैंडबैग लूटे थे। इन तीनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे सुभाषनगर पुलिस को सूचना मिली कि छिनैती की घटनाओं में शामिल एक बदमाश यामाहा FZ बाइक से करगैना क्षेत्र में फिर वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फतेहपुर रोड इटौआ मोड़ पर घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले चेतावनी दी, लेकिन बदमाश नहीं माना और दोबारा गोली चलाई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह गिर पड़ा।
गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम संजय उर्फ संजू उर्फ रघु (24) निवासी ग्राम सुकाली थाना शाही बताया। उसने अपने साथी अमित के साथ मिलकर छिनैती की वारदातें करना कबूल किया। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है। अभियुक्त के पास से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की यामाहा बाइक, तीनों मामलों से संबंधित मोबाइल, नकदी और आधार कार्ड बरामद हुए हैं।
इंस्पेक्टर सुभाषनगर सतीश कुमार और चौकी इंचार्ज करगैना राजेंद्र सिंह सिरोही ने टीम के साथ बहादुरी दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई कर बदमाश को धर दबोचा। गोली लगने के कारण वह घायल हो गया था। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।