बरेली

प्लेटफॉर्म पर थम गईं सांसें… जीआरपी सिपाही ने सीपीआर देकर लौटाई जिंदगी

बरेली जंक्शन पर ट्रेन से उतरे एक यात्री अचानक प्लेटफॉर्म पर धड़ाम से गिर पड़े। परिजनों की चीखें गूंज उठीं, आसपास खड़े लोग सहम गए।
less than 1 minute read
Feb 25, 2026
Feature image

बरेली। बरेली जंक्शन पर ट्रेन से उतरे एक यात्री अचानक प्लेटफॉर्म पर धड़ाम से गिर पड़े। परिजनों की चीखें गूंज उठीं, आसपास खड़े लोग सहम गए। लेकिन इसी अफरातफरी के बीच एक वर्दी आगे आई और मौत से जूझ रहे यात्री को जिंदगी की डोर थमा दी।

बिहार के गया जिले के थाना गुरारू क्षेत्र के बहेड़ा गांव निवासी दिनेश मोनिया हावड़ा-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन से बरेली पहुंचे थे। उन्हें यहां से मनौना धाम जाना था। जैसे ही उन्होंने प्लेटफॉर्म पर कदम रखा, अचानक सीने में तेज दर्द उठा और कुछ ही सेकंड में वह जमीन पर गिर पड़े। हालत देख परिजन घबराकर मदद की गुहार लगाने लगे।

जीआरपी सिपाही ने दी सीपीआर

सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात जीआरपी सिपाही हरीओम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना वक्त गंवाए यात्री की नब्ज और सांसों की जांच की। स्थिति गंभीर देख तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया। प्लेटफॉर्म पर लोग सांसें थामे यह दृश्य देखते रहे। कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद दिनेश की सांसों में हरकत महसूस हुई। चेहरा हल्का हिला तो परिजनों की आंखों में उम्मीद लौट आई।

समय पर मिला उपचार, टली बड़ी अनहोनी

इंस्पेक्टर जीआरपी एसके वर्मा ने बताया कि प्राथमिक राहत के बाद परिजन दिनेश को अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने भी माना कि अगर समय रहते सीपीआर नहीं मिलता तो मामला जानलेवा साबित हो सकता था। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने सिपाही हरीओम की तत्परता और सूझबूझ की खुलकर तारीफ की। लोगों का कहना था कि उस वक्त वह सिर्फ एक सिपाही नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने वाला फरिश्ता बनकर सामने आए।