एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट बरेली ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरेली। एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) यूनिट बरेली ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने ग्राम दौली रघुवरदयाल जाने वाली सड़क पर गंगा मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से करीब 75 लाख रुपये कीमत की हेरोइन और अफीम बरामद हुई है।
एएनटीएफ टीम ने आरोपियों के पास से 275 ग्राम हेरोइन और 4 किलो अफीम बरामद की है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 2,140 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में थाना किला में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार महेन्द्र कुमार ने बताया कि वह झारखंड के खूंटी क्षेत्र से अफीम खरीदकर लाता था। इस बार वह लोकपाल सिंह के कहने पर हेरोइन भी साथ लाया था। दोनों मिलकर इन मादक पदार्थों को पंजाब और आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे। लोकपाल सिंह ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह पंजाब में मादक पदार्थों की सप्लाई का काम करता है और महेन्द्र से माल मंगवाता था। इस बार भी दोनों पंजाब सप्लाई के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही एएनटीएफ टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई को एएनटीएफ यूनिट बरेली की टीम ने अंजाम दिया, जिसमें प्रभारी उपनिरीक्षक विकास यादव समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। थाना किला पुलिस और सर्विलांस टीम ने भी इस ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।