इंटरनेट मीडिया की लत अब जानलेवा रूप लेने लगी है। रील्स पर एक गलत इमोजी ने युवक की जिंदगी छीन ली। किला क्षेत्र में अमन रजा की हत्या के पीछे चौंकाने वाली वजह सामने आई है, इंस्टाग्राम रील्स पर रिएक्शन को लेकर विवाद उपजा था।
बरेली। इंटरनेट मीडिया की लत अब जानलेवा रूप लेने लगी है। रील्स पर एक गलत इमोजी ने युवक की जिंदगी छीन ली। किला क्षेत्र में अमन रजा की हत्या के पीछे चौंकाने वाली वजह सामने आई है, इंस्टाग्राम रील्स पर रिएक्शन को लेकर विवाद उपजा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि किला के जखीरा निवासी समद मूसा रील्स बनाने का शौकीन था। वह जब भी कोई रील्स पोस्ट करता, तो मलूकपुर निवासी अमन रजा उस पर उल्टे-सीधे इमोजी भेज देता था। दुख भरी पोस्ट पर हंसी और हंसी वाली पोस्ट पर दुख का इमोजी भेजने से समद लगातार चिढ़ता जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच इंस्टाग्राम चैट पर बहस भी हुई थी, जो धीरे-धीरे दुश्मनी में बदल गई।
समद ने अमन को मिलने के बहाने सिटी स्टेशन के पास बुलाया। दोनों बातचीत करते हुए बंद पड़े रेलवे क्वार्टर तक पहुंच गए। वहीं पर विवाद बढ़ा और समद ने अमन को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि समद ने अमन को उठाकर रेलवे पटरी पर पटक दिया, जिससे उसके गले में गंभीर चोट आई। इसके बाद भी वह नहीं रुका और पीठ व छाती पर लात-घूंसों से हमला करता रहा। जब अमन की मौत हो गई, तो समद ने शव को खींचकर खंडहर में ले जाने की कोशिश की। सफल न होने पर उसे पीठ पर उठाकर बंद क्वार्टर में ले गया और स्लैब के नीचे छिपा दिया। बुधवार सुबह अमन का शव वहीं बरामद हुआ।
हत्या को अंजाम देने के लिए समद ने शातिराना तरीका अपनाया। उसने अपने फोन का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि इलाके के एक चाय वाले के फोन से अमन को कॉल कर बुलाया। पुलिस ने जब अमन के फोन की सीडीआर खंगाली तो दो संदिग्ध नंबर सामने आए। जांच के बाद चाय वाले से पूछताछ हुई, जहां से समद का नाम सामने आया। लोकेशन मिलान के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि अमन रजा की हत्या समद मूसा ने की है। वजह सिर्फ रील्स पर गलत रिएक्शन देना था। आरोपी ने पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है।