बरेली

मिनी बैंक संचालक को दौड़ाकर घेरा, लोहे की रॉड से सिर कुचलकर सरेआम हत्या, जानें क्या है पूरा मामला

बहेड़ी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली वारदात में गुरुवार रात मिनी बैंक संचालक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

2 min read
Apr 10, 2026

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली वारदात में गुरुवार रात मिनी बैंक संचालक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जान बचाने के लिए वह बाइक से भागा, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उसे घेर लिया और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।

होटल पर विवाद, गाली-गलौज से शुरू हुआ बवाल

शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी 32 वर्षीय सतेंद्र कुमार नगर पालिका परिसर में एसबीआई की मिनी ब्रांच और सीएचसी सेंटर संचालित करता था। गुरुवार रात वह मिनी ब्रांच बंद करने के बाद मोहम्मदपुर चौराहा बाईपास पर शराब भट्टी के पास स्थित एक होटल पर खाना खा रहा था। इसी दौरान मोहम्मदपुर गौटिया निवासी अंकित अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर सतेंद्र से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी।

बाइक से भागा, पीछा कर रोडवेज के पास घेरा

हमले से घबराकर सतेंद्र बाइक से मौके से भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। रोडवेज के पास उसे घेर लिया गया और सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। घायल सतेंद्र को निजी एंबुलेंस से बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले भाई सुरेंद्र की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन मौत के बाद इसमें हत्या की धारा जोड़ दी गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज

इंस्पेक्टर बहेड़ी दिनेश कुमार शर्मा के मुताबिक, घटना की गहन जांच की जा रही है। आसपास के करीब 300 मीटर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। सतेंद्र की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसकी एक छोटी बेटी है। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अच्छे व्यवहार के कारण क्षेत्र में उसकी अच्छी पहचान थी, इसलिए उसकी मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध है।

Also Read
View All
बरेली SSP ने जारी किया चौकी प्रभारियों का रिपोर्ट कार्ड, टॉप-10 को इनाम, फिसड्डियों को चेतावनी

बरेली में पेपर लीक और कॉकरोच पार्टी पर बोले मंत्री भूपेंद्र चौधरी, विकास योजनाओं की समीक्षा कर विपक्ष को घेरा

बरेली के फाइव स्टार होटल से ग्राहकों का सीक्रेट डेटा चोरी,  कर्मचारी फरार, सिस्टम से सबूत भी मिटाए, मैनेजमेंट में खलबली

अतीक अहमद के गुर्गे लाला गद्दी ने की फायरिंग तो बदला नाम; किस मामले में होटल ताज दिल्ली दरबार के मालिक का भाई गिरफ्तार

कौन हैं वो 18 चेहरे जिनकी बरेली पुलिस ने खोली हिस्ट्रीशीट, मंत्री के रिश्तेदार और हनुमान दल नेता के हत्यारोपी पर बड़ी कार्रवाई