
बरेली। आला हजरत की बहू निदा खान प्रकरण की जांच करने पहुंची उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य रूमाना सिद्दीकी का गैर जिम्मेदारी भरा बयान सामने आया है। मीडिया के सवालों से बौखलाई रूमाना ने मीडिया को ही इस्लाम कबूल करने की नसीहत दे डाली। मीडिया ने रूमाना सिद्दीकी से निदा खान को इस्लाम से खारिज होने का सवाल पूछा था, जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि आप भी सच्चे दिल से कलमा पढ़ लो, तो इस्लाम में शामिल हो जाओगे।
निदा प्रकरण की जांच करने पहुँची थी रूमाना
निदा को इस्लाम से खारिज करने की जांच के लिए सरकार की तरफ से राज्य अल्पसंख्यक आयोग की टीम गुरुवार को बरेली पहुँची। जहां पर टीम ने निदा खान से सर्किट हाउस में करीब दो घन्टा बात की। इसके बाद आयोग की सदस्य रूमाना सिद्दीकी ने मीडिया से बात की। मीडिया के सवालों के जबाब में रूमाना सिद्धकी इतना भड़क गई कि मीडिया वालों को कलमा पढ़ने और इस्लाम कबूल करने को कह दिया।
निदा कर घर नहीं गई रूमाना
रूमाना सिद्दीकी निदा खान के घर नहीं गई, बल्कि निदा को खुद सर्किट हाउस बुला लिया। जब उनसे पूछा गया कि आप निदा के घर क्यों नही गईं, क्या आपको भी फतवे का डर है, इस पर उन्होंने कहा कि आप भी सच्चे दिल से कलमा पढ़ ले तो आप भी मुसलमान बन जायेगे। रूमाना सिद्दीकी का कहना है कि पूरी रिपोर्ट लखनऊ जाकर आयोग को दी जाएगी, उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। रूमाना ने कहा कि हिंदुस्तान जैसे देश मे फतवों का कोई महत्व नही।
निदा को बरेली पुलिस पर नहीं भरोसा
निदा को आयोग की सदस्य ने सर्किट हाउस बुला लिया लेकिन जिन लोगों ने फतवा जारी किया है, उन लोगों को सर्किट हाउस नहीं बुलाया गया। निदा खान का कहना है की अब वो फतवा जारी करने वालो के खिलाफ लिखित में शिकायत करेंगी। निदा ने कहा कि उन्हें बरेली पुलिस पर भरोसा नहीं है।