बरेली

पुरानी रंजिश में युवक को गोलियों से भूना, खेत में घात लगाए बैठे हमलावरों ने दिनदहाड़े दिया वारदात को अंजाम

भमोरा थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। खेत पर शौच के लिए गए कल्लू उर्फ कल्याण की घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

2 min read
Apr 18, 2026

बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। खेत पर शौच के लिए गए कल्लू उर्फ कल्याण की घात लगाकर बैठे हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई।

परिजनों के मुताबिक, कल्याण सुबह खेत की ओर गया था, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस दौरान आरोपी पक्ष के जुगेंद्र नाम के व्यक्ति के हाथ में भी गोली लगने की बात सामने आई है।

पुरानी दुश्मनी बनी जानलेवा वजह

मृतक के भाई धर्मपाल ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। दो साल पहले भी आरोपियों ने उनके भाई महेंद्र के साथ मारपीट की थी। चार दिन पहले फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आए थे और मामला थाने तक पहुंचा था। शुक्रवार को इस विवाद में समझौता होना था, लेकिन उससे पहले ही हत्या की वारदात हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक कल्याण पर भी कई मुकदमे दर्ज थे और उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी थी। हालांकि परिजन इसे पुरानी रंजिश में की गई साजिशन हत्या बता रहे हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सीओ नितिन कुमार और प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले से चल रहे विवाद के बावजूद समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे यह खौफनाक वारदात हो गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Also Read
View All