बरेली

यूपी के इस जिले में ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, कार बुकिंग कर ले गए थे हत्यारे, पीछे बैठकर मारी गोली, लूट का शक गहराया

आरसी मिशन क्षेत्र में एक ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह रात में बुकिंग पर निकले थे। सोमवार सुबह कार खेत में खड़ी मिली और चालक सीट पर शव मिला। मोबाइल-पर्स गायब हैं, पीछे से गोली मारी गई, लूट की आशंका।

2 min read
Apr 27, 2026

शाहजहांपुर। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के नई बस्ती दलेलगंज निवासी 30 वर्षीय कुलदीप राठौर की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव उनकी ही कार में चालक सीट पर पड़ा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में लूटपाट के एंगल को भी पुलिस खंगाल रही है।

जानकारी के अनुसार कुलदीप रविवार रात करीब 9:30 बजे पुवायां के गांव सदापुर में बुकिंग पर कार ले जाने की बात कहकर घर से निकले थे। सोमवार सुबह बड़ागांव-सदापुर रोड पर उनकी कार सड़क से करीब 15 मीटर दूर खेत में खड़ी मिली। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त था, जिससे किसी टक्कर या जबरन रोकने की आशंका भी जताई जा रही है।

पीछे बैठकर मारी गई गोली, तमंचा भी मिला

जब स्थानीय लोग कार के पास पहुंचे तो चालक सीट पर कुलदीप का शव पड़ा मिला। जांच में सामने आया कि हमलावर ने पीछे की सीट से गोली मारी, जो उनकी गर्दन के नीचे पीठ में लगी। कार की पिछली सीट के पास पायदान में एक तमंचा भी बरामद हुआ, जिसमें कारतूस का खोखा फंसा हुआ था। यह साफ संकेत दे रहा है कि वारदात बेहद नजदीक से और सुनियोजित तरीके से की गई। पुलिस के मुताबिक कुलदीप का मोबाइल फोन और पर्स मौके से गायब हैं, जबकि जेब में कुछ रुपये मिले हैं। इससे लूट के बाद हत्या की आशंका को बल मिल रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।

अफसर मौके पर पहुंचे, फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण और सीओ प्रवीण मलिक ने घटनास्थल का मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही कुलदीप के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। बेटे की हत्या की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। पूरे मोहल्ले में दहशत और गम का माहौल है।

Also Read
View All