बाड़मेर

Rajasthan Politics : ‘राहुल गांधी को जितना भी पैसा दो, फायदा BJP को ही होता है’, मदन राठौड़ ने क्यों कहा ऐसा?

बाड़मेर में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के भाषण का वीडियो वायरल। राहुल गांधी, अमेरिकी इन्वेस्टमेंट और विकास रोकने की साजिश पर दिए तीखे बयान।
3 min read
Sep 07, 2026
madan rathore viral video rahul gandhi foreign funding barmer bjp meet
Rajasthan BJP President Madan Rathore Barmet Visit - PIC

राजस्थान में आगामी नगर निगम (निकाय) चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ राज्यभर के तूफानी दौरों पर निकले हुए हैं। रविवार को बाड़मेर दौरे के दौरान आयोजित एक सामाजिक सद्भावना बैठक में मदन राठौड़ का दिया गया एक भाषण अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस भाषण में वे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति और विदेशी फंडिंग तक पर तीखे आरोपों की झड़ी लगाते हुए नजर आ रहे हैं। मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में दावा किया कि भारत की तेजी से बढ़ती प्रगति से दुनिया के कई देश जल रहे हैं और इसे रोकने के लिए विदेशी ताकतों ने भारत के विपक्ष में भारी निवेश किया, लेकिन वह पूरी तरह से नाकाम साबित हुआ।

बाड़मेर में आयोजित इस महत्वपूर्ण राजनीतिक संवाद कार्यक्रम में बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मंच पर मौजूद थे। मदन राठौड़ ने बाड़मेर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को 'विकसित भारत' बनाने का संकल्प कोई भी विरोधी ताकत नहीं रोक सकती। वायरल हो रहे वीडियो में उनके बेबाक और अनूठे अंदाज को लेकर पूरे राजस्थान के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

'राहुल गांधी को जितना भी पैसा दो, उल्टा फायदा BJP का ही होता है'

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मदन राठौड़ खुले मंच से कहते सुनाई दे रहे हैं, "जब कोई व्यक्ति या देश प्रगति करता है, तो कई लोग उससे जलने लगते हैं। ठीक इसी तरह जब भारत आज दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रहा है, तो अमेरिका और यूरोप जैसे कई देश नाराज हैं और वे भारत की रफ्तार को रोकना चाहते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "इसी वजह से उन देशों ने हमारे देश के विपक्षी नेताओं को पैसा देना शुरू किया ताकि भारत को भीतर से अस्थिर किया जा सके। लेकिन अब उन विदेशी ताकतों को समझ आ गया है कि उनका यह इन्वेस्टमेंट पूरी तरह बेकार हो गया है। राहुल गांधी को वे जितना भी पैसा दे दें, वे कोई भी ऐसा काम या बयान दे देते हैं, जिससे उल्टा भारतीय जनता पार्टी को ही बड़ा राजनीतिक फायदा पहुंच जाता है।"

'विवादित भाषा बोलने वालों पर हो रहा निवेश'

मदन राठौड़ ने अपने भाषण में यह भी दावा किया कि राहुल गांधी पर किया गया दांव उल्टा पड़ने के बाद विरोधी देशों ने अपनी रणनीति बदल ली है। उन्होंने कहा, "जब विदेशी ताकतों को लगा कि उनका पुराना तरीका काम नहीं कर रहा, तो उन्होंने अब नए तरह के लोगों को तैयार करना शुरू कर दिया है। अब ऐसे लोगों पर इन्वेस्टमेंट किया जा रहा है जो देश में कहीं न कहीं से बेवजह झगड़ा खड़ा करते हैं, कहीं नाटक करते हैं, तो कहीं मंच से गंदी-गंदी भाषा का इस्तेमाल करते हैं।"

राठौड़ ने कहा कि विरोधी सोचते हैं कि जब ऐसे विवाद खड़े होंगे, तो बीजेपी के नेता और सरकार उन झगड़ों को शांत करने में उलझ जाएगी और देश का विकास कार्य रुक जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजेपी सरकार इन हरकतों से डरने या रुकने वाली नहीं है।

'हम रुकने वाले नहीं'

भाषण के अंत में मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि विपक्षी दलों के इन तमाम नाटकों और साजिशों के बावजूद केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार अपने विकास के पथ पर अडिग हैं।

उन्होंने कहा, "हम कतई इन बातों की चिंता करने वाले नहीं हैं। हम पूरी मजबूती और इच्छाशक्ति के साथ इस देश को एक विकसित भारत बनाना चाहते हैं और बाड़मेर की जनता इस विकास यात्रा में बीजेपी के साथ पूरी मुस्तैदी से खड़ी है।" मदन राठौड़ के इस वायरल बयान के बाद अब कांग्रेस की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आने की संभावना जताई जा रही है।

बाड़मेर में बीजेपी का 'शक्ति प्रदर्शन'

निकाय चुनाव से ठीक पहले बाड़मेर में आयोजित इस सामाजिक सद्भावना बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और चुनावी रणनीति को मजबूत करना था। इस कार्यक्रम में पश्चिमी राजस्थान के कई बड़े बीजेपी नेता एक साथ नजर आए।

कैलाश चौधरी (पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष)

के.के. विश्नोई (उद्योग एवं युवा मामले राज्य मंत्री)

प्रियंका चौधरी (विधायक, बाड़मेर)

आदूराम मेघवाल (विधायक, चौहटन)

अंनतराम बिश्नोई (बीजेपी जिलाध्यक्ष, बाड़मेर)

मानवेंद्र सिंह जसोल (पूर्व विधायक)

स्वरूप सिंह खारा (शिव विधानसभा प्रत्याशी)