भिलाई

बढ़ते अपराध पर गृह मंत्री ने जताई चिंता, बोले – पाश्चात्य संस्कृति और सोशल मीडिया से बढ़ा अपराध का ग्राफ

- पाश्चात्य संस्कृति और सोशल मीडिया ने बढ़ा अपराध का ग्राफ- गृह मंत्री ने कहा -बचपन से ही अच्छे संस्कार मिलें तो स्थिति बदलेगी

less than 1 minute read
Jan 29, 2021

भिलाई. गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू (Home Minister Tamradhwaj Sahu) ने बढ़ते अपराध पर चिंता जाहिर की है। 'पत्रिका' से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ते अपराध की वजह पाश्चात्य संस्कृति के साथ सोशल मीडिया में परोसे जा रहे कन्टेंट और फिल्में हैं। अपराधी यही से अपराध के नए-नए तरीके सीखते हैं।

पुलिस और कानून अपना काम कर रहे हैं, लेकिन ऐसे में पालकों की जवाबदेही बढ़ जाती है। वे अपने बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार और दिशा देने पर ध्यान दें तो स्थिति बदलेगी। पहले लोग अपने बच्चों को संस्कार और धर्म से जोड़कर रखते थे। जिसकी वजह से बच्चे गलत रास्ते पर नहीं जाते थे। लोग आज शिक्षित भी हैं और उनके पास रोजगार भी है। सोशल मीडिया उन्हें अपराध के तरीकों से पारंगत कर देता है।

गृहमंत्री से हुई चर्चा के प्रमुख अंश

सवाल- प्रदेश में क्राइम का ग्राफ बढ़ते जा रहा है। इसकी वजह आप क्या मानते हैं?
जवाब- अपराध बढ़ने की वजह मात्र एक है। वह है पाश्चात्य संस्कृति को अपनाना।

सवाल- बेरोजगारी और गरीबी के कारण भी लोग अपराध का रास्ता अपना लेते हैं। ऐसे कई उदाहरण हैं।
जवाब- पहले के लोग भी तो कम पढ़े लिखे होते थे। उस दौर में बेरोजगारी भी बहुत ज्यादा थी। लेकिन अपराध का ग्राफ काफी कम हुआ करता था। उस दौर में संस्कार से लोग जुड़े रहते थे।

सवाल- शिक्षित लोग भी अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। इसकी वजह?
जवाब- अपराध की कोई पाठशाला तो नहीं होती है। क्या कोई कहीं पढ़ाता है कि चाकू कैसे मारना है? चोरी और लूट कैसे करना है, नहीं न। यह सभी सोशल मीडिया और यूट्यूब पर उपलब्ध है। उसे देख कर युवा अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों से भटक रहे हैं।

Published on:
29 Jan 2021 11:44 am
Also Read
View All