भीलवाड़ा जिले के बिजौलियां में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजौलियां थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को दबोचकर उनके कब्जे से 11 लाख रुपए मूल्य की 55 ग्राम स्मैक बरामद की है। […]
भीलवाड़ा जिले के बिजौलियां में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजौलियां थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को दबोचकर उनके कब्जे से 11 लाख रुपए मूल्य की 55 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी बाइक भी जब्त कर ली है।
थाना प्रभारी स्वागत पंडया ने बताया कि पुलिस को विशेष मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरोहितों का खेड़ा क्षेत्र से दो युवक बाइक पर सवार होकर भारी मात्रा में मादक पदार्थ की सप्लाई देने निकलने वाले हैं। सूचना को पुख्ता करते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने तत्काल इलाके में नाकाबंदी शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध बाइक आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस टीम ने जब बाइक सवार दोनों युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 55 ग्राम स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब 11 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान मालीपुरा निवासी मनोज बंजारा और बिजौलियां निवासी राकेश माली के रूप में हुई है। पुलिस अब इन आरोपियों से यह पूछताछ करने में जुटी है कि वे यह स्मैक कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों के नामों का खुलासा होने की भी संभावना है।